छत्तीसगढ़ में जल्द शुरू होने जा रही है 24×7 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा 1076


तहतक न्यूज, छत्तीसगढ़। प्रदेश में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विष्णुदेव साय सरकार जल्द ही 24x7 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा (टोल-फ्री नंबर 1076) शुरू करने जा रही है। इस नई व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने के लिए वर्तमान में मई 2026 के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में अधिकारियों और कर्मचारियों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद छत्तीसगढ़ देश का ऐसा 15वां राज्य बन जाएगा जहां सीएम हेल्पलाइन की सुविधा उपलब्ध होगी। नागरिक घर बैठे बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य या किसी भी सरकारी विभाग से जुड़ी समस्याओं की शिकायत टोल-फ्री नंबर: 1076 पर निःशुल्क कॉल करके इन माध्यमों से कर सकेंगे।
डिजिटल माध्यम
इसके लिए समर्पित वेब पोर्टल, सीएम हेल्पलाइन छत्तीसगढ़ मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप।
कैसे काम करेगी यह प्रणाली?
प्रत्येक शिकायत दर्ज होने पर 12 अंकों का एक विशिष्ट टोकन नंबर मिलेगा, जिससे नागरिक अपनी शिकायत की स्थिति (स्टेटस) ट्रैक कर सकेंगे।
4-स्तरीय (एल-1 से एल-4) सिस्टम
शिकायतों के निपटारे के लिए चार स्तरों पर अधिकारियों की मैपिंग की गई है।
ऑटो-एस्केलेशन
यदि तय समय-सीमा के भीतर संबंधित एल-1 अधिकारी शिकायत का समाधान नहीं करता है, तो शिकायत अपने आप उच्च स्तर के अधिकारी के पास स्थानांतरित (एस्केलेट) हो जाएगी।
संतुष्टि अनिवार्य
कोई भी केस या शिकायत तब तक बंद नहीं होगी जब तक शिकायतकर्ता समाधान से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हो जाता।
समय-सीमा और सख्त कार्रवाई
शासन ने शिकायतों का निराकरण करने के लिए 7 दिनों का लक्ष्य निर्धारित किया है। जो भी अधिकारी निर्धारित समय के भीतर समस्या का समाधान करने में लापरवाही बरतेगा, उसके खिलाफ सीधी कार्रवाई की जाएगी।इस पूरी व्यवस्था की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *