तहतक न्यूज/भिलाई,छत्तीसगढ़। भिलाई के हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित 'श्री श्याम केमिकल फैक्ट्री' में आज गुरुवार को सुबह करीब 11 बजे भीषण आग लग गई, जिसमें दो मजदूरों के झूलसने की खबर सामने आयी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम चल रहा था, तभी निकली एक चिंगारी केमिकल के संपर्क में आ गई और आग तेजी से फैल गई।
इस हादसे से फैक्ट्री में रखे केमिकल से भरे 50 से ज्यादा ड्रम और केमिकल भरने आए दो टैंकर धमाकों के साथ जलकर खाक हो गए हैं। केमिकल की आग के कारण आसमान में काले धुएं का इतना भारी गुबार उठा कि वह करीब 5 किलोमीटर दूर तक साफ दिखाई दे रहा था।

प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक इस हादसे में 2 मजदूरों के झुलसने या घायल होने की खबर है, हालांकि घायलों की सटीक संख्या की अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
आग पर काबू पाने के लिए 12 से अधिक दमकल की गाड़ियां मौके पर जुटीं। केमिकल की आग होने की वजह से पानी के बजाय विशेष फोम के प्रेशर का इस्तेमाल कर लपटों को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। आसपास की अन्य औद्योगिक कंपनियों ने भी राहत कार्य में पानी उपलब्ध कराकर मदद की है। SDRF टीमों और फायर ब्रिगेड की करीब 12 गाड़ियों की लगातार मशक्कत के बाद फैक्ट्री की लगभग 70% आग पर काबू पा लिया गया है। हालांकि, केमिकल होने की वजह से रह-रहकर छोटी लपटें उठ रही हैं, जिन्हें पूरी तरह शांत करने का प्रयास जारी है।
जाँच में सामने आया है कि इस कारखाने में नेफ्थलीन (Naphthalene) का इस्तेमाल कर उसकी गोलियां (बॉल्स) बनाई जाती थीं, जो अलमारी में कॉकरोच आदि भगाने के काम आती हैं। नेफ्थलीन बेहद ज्वलनशील केमिकल होने के कारण आग ने इतना विकराल रूप लिया।
घटनास्थल पर स्थानीय प्रशासन, राज्य पुलिस और दमकल विभाग के साथ-साथ CISF (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) की टीमें भी राहत और सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। वहीं, आसपास की अन्य फैक्ट्रियों को सुरक्षित रखने के लिए हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया के उस ब्लॉक में बिजली आपूर्ति रोक दी गई है और सुरक्षा के कड़े घेरे बनाए गए हैं ताकि आग दूसरी जगहों पर न फैले। घायल मजदूरों को अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है।


