कहीं मृग-मरीचिका तो साबित नहीं हो रहा "विश्व पर्यावरण दिवस"…?

तहतक न्यूज/लखनपुर-सरगुजा, छत्तीसगढ़।
ऐन विश्व पर्यावरण दिवस के दिन, दिन की शुरुआत पेड़ काट कर हो तो आपको कैसा लगेगा? जी हाँ, यहाँ ऐसा ही कुछ हुआ है। एक नहीं दो नहीं, तीन नहीं चार नहीं, महज रास्ता के लिए दर्जनों पेड़ काट दिये गये और जिम्मेदारों को भनक तक नहीं लगी।

बता दें कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर पूरे विश्व में 5 जून को "विश्व पर्यावरण दिवस" के रूप में मनाया जाता है। इस दिन से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए हर नागरिक इसे एक पर्व के रूप में मनाता है। इसी तारतम्य में बीते गुरुवार 5 जून को ग्राम पंचायतों, वन विभागों, राजस्व विभागों, उद्योगों व अन्य संस्थानों द्वारा पौधरोपण किया गया और वृक्षों के संरक्षण का संकल्प लिया गया, वहीं दूसरी तरफ सड़क बनाये जाने के आड़ में सरगुजा जिले के लखनपुर वन परिक्षेत्र में रहमला गाँव में कुछ ग्रामीणों द्वारा दर्जनों पेड़ों को काट दिया गया है। जब मीडिया कर्मियों ने हस्तक्षेप किया तो ग्रामीण वहाँ से चले गये। बताया जा रहा है कि जनमन योजनान्तर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क से लेकर भूरकुरवा पहाड़ी कोरवा बस्ती तक डामरीकृत सड़क बनाया जा रहा है।



अब आप समझ सकते हैं कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोग कितने जागरूक हैं? साल में एक बार दिवस के रूप में मनाया जाने वाला यह "विश्व पर्यावरण दिवस" मात्र एक ढकोसला बन कर रह गया है। दिखावे के लिए चंद पौधे लगाते हुए फोटो खिंचवा कर न केवल बेवकूफ बनाया जा रहा है, बल्कि लगे-लगाये जंगलों का सफाया किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *