आरक्षण को लेकर पिछड़ा वर्ग समाज का जबरदस्त विरोध प्रदर्शन, किया चक्काजाम

तहतक न्यूज/कोंडागांव।
स्थानीय निकाय चुनाव में पिछड़ा वर्ग समुदाय को 0% आरक्षण मिलने के विरोध में बस्तर संभाग में व्यापक प्रदर्शन हुआ। कोण्डागांव जिला मुख्यालय स्थित नारायणपुर चौक पर हजारों की संख्या में पिछड़ा वर्ग समाज के लोग एकजुट होकर सांकेतिक चक्काजाम में शामिल हुए, जिससे चक्काजाम सफल रहा।

कोण्डागांव नगर के व्यापारियों ने अति आवश्यक सेवाओं के प्रतिष्ठानों को छोड़कर बाकी सभी प्रतिष्ठानों को बंद कर इस विरोध प्रदर्शन और बंद को सफल बनाने में पूरा सहयोग दिया। पिछड़ा वर्ग समाज के समाज प्रमुखों ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यदि शासन ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो यह बंद बस्तर तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे पूरे राज्य और देशभर में इसे फैलाया जाएगा।

इस प्रदर्शन का कांग्रेस कमेटी ने भी समर्थन किया, और भूतपूर्व विधायक मोहन मरकाम ने कहा कि पिछड़ा वर्ग समाज को स्थानीय निकाय चुनाव में 0% आरक्षण देना एक बड़ा अन्याय है। उन्होंने शासन से न्याय की मांग की। जिला अध्यक्ष रीतेश पटेल ने कहा, हमारे अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी। अगर हमें न्याय नहीं मिलता है तो हम पूरे प्रदेश में भी बंद का आह्वान करेंगे।



बहरहाल, इस विरोध प्रदर्शन और चक्काजाम के जरिए पिछड़ा वर्ग समाज ने अपनी मांगों के प्रति शासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की है। यदि इस ओर ध्यान नहीं दिया जाता है तो पिछड़ा वर्ग समाज आगे और बड़ा आंदोलन करने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *