तहतक न्यूज/छत्तीसगढ़। प्रदेश के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर नेशनल हाईवे-63 (NH-63) पर एक सर्राफा कारोबारी से ₹2 करोड़ से अधिक मूल्य के सोने-चाँदी के जेवरातों की बड़ी लूट की वारदात की खबर सामने आई थी, जोकि पूरी तरह से झूठी और मनगढ़ंत निकली है। पुलिस जाँच और कड़ाई से की गई पूछताछ के बाद खुद पीड़ित सराफा व्यापारी ने कबूल किया है कि उसने कर्ज के दबाव से बचने के लिए यह पूरी साजिश रची थी।

बता दें कि, गीदम के सराफा व्यवसायी स्वरूप सोनी पर भारी कर्ज था। लेनदारों द्वारा लगातार बनाए जा रहे दबाव से बचने और सहानुभूति पाने के लिए उसने यह झूठी कहानी गढ़ी। इस मनगढ़ंत कहानी को सच दिखाने के लिए सराफा कारोबारी ने अपने साथ गाड़ी में मौजूद कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ और तूफान वाहन के चालक देवेंद्र ठाकुर को भी इस साजिश में शामिल कर लिया था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 16 घंटे तक नाकेबंदी की थी। जब पुलिस टीम ने हाईवे और आस-पास के इलाकों के 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तो व्यापारी के बयानों और तकनीकी साक्ष्यों में भारी अंतर मिला।
विदित हो कि, सोमवार शाम को व्यापारी ने पुलिस को शिकायत की थी कि बीजापुर के भैरमगढ़ से दुकान बंद कर गीदम लौटते समय दो अज्ञात बदमाशों ने लिफ्ट मांगी और फिर कनपटी पर पिस्टल व चाकू अड़ाकर 1300 ग्राम सोना और 15 किलो चाँदी से भरा बैग लूट लिया।
तकनीकी सबूतों के सामने आने और पुलिस द्वारा कड़ाई से की गई पूछताछ के बाद व्यापारियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। 2 करोड़ रुपये की फर्जी लूट की साजिश रचने वाले तीनों मुख्य किरदारों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस मामले में पुलिस अब कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है। मुख्य साजिशकर्ता सराफा व्यवसायी स्वरूप सोनी (गीदम निवासी), उसके साथ गाड़ी में मौजूद कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़, और वाहन चालक देवेंद्र ठाकुर को पुलिस ने हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की है। पुलिस को गुमराह करने, झूठी जानकारी देने और आपराधिक साजिश रचने के तहत इन तीनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने उस तूफान वाहन को भी बारीकी से जाँचा है जिसका इस्तेमाल इस झूठी घटना को दिखाने के लिए किया गया था। इसके साथ ही व्यापारियों के मोबाइल फोन और उनके द्वारा बताए गए गहनों के स्टॉक का मिलान किया जा रहा है ताकि उनके इस बड़े झूठ के पीछे के असली वित्तीय फ्रॉड को समझा जा सके। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि सराफा कारोबारी पर किन लोगों का और कितना कर्ज था, जिसके कारण उसने इतनी बड़ी झूठी कहानी गढ़ दी।


