चकाचौँध की दुनिया से दूर बेसहारों के बीच पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़ ने मनाया गणतंत्र पर्व

तहतक न्यूज/रायगढ़।
भारत का राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस जहाँ पूरे देश में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया तो वहीं पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़ की जिला इकाई रायगढ़ ने जिले के ग्राम सांगीतराई स्थित अपना घर आश्रम में मानसिक रूप से विक्षिप्त बेसहारा लोगों के बीच पहुँच कर गणतंत्र दिवस मनाया।


बेहद ही सादगी एवं भाव पूर्ण वातावरण में संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रभु जनों से मिल कर उनके मन-पसंद नाश्ता प्रसाद बाँट कर खुशियाँ साझा की। आश्रम में 70 की संख्या में निवासरत प्रभु जन संगठन के लोगों को अपने बीच पाकर बेहद प्रसन्न हुए। इस खुशी के पल को यादगार बनाते हुए एक प्रभु ने तो ऐसा कमाल दिखाया कि उसकी शेरो-शायरी सुन कर आप भी दंग रह जायेंगे। कौन मानेगा कि ये विक्षिप्त है ?

जरा गौर फरमाएँ इस वीडियो पर..

यह तो सभी जानते हैं कि इंसान जब मानसिक संतुलन खो बैठता है तो उसे किसी प्रकार की कोई सुध नहीं रहती और वो एक जिंदा लाश बन कर अपनों से दूर रह जाता है किन्तु प्यार, अपनत्व और सेवा एक ऐसी चीज है जिसे पाकर वही इंसान पुनः जीवित हो उठता है।

बात तह तक की करें तो मानव समाज में परोपकार से बढ़ कर कोई धर्म नहीं। देश में ऐसे कई सामाजिक संस्थाएं हैं, जो समाज के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं किन्तु 'सद्गुरु कृपा अपना घर' आश्रम में रहने वाले प्रभु जनों को नई जिंदगी देने वाले यहाँ के सेवादार फरिश्तों से कम नहीं हैं। इनकी निःस्वार्थ सेवा भाव में बद से भी बदतर हालत में लाये गये प्रभुजन यहाँ आत्मीय प्यार और अपनत्व पा कर बेहतर जीवन प्राप्त कर रहे हैं। कहने का सार यही है कि जियो और जीने दो, जहाँ निश्छल प्यार और अपनत्व है वहीं खुशहाल जिंदगी है।


संवेदनायुक्त इस पुनीत कार्य के अवसर पर खबर उजागर से मनीष सिंह, तहतक न्यूज से पंचम सिंह ठाकुर तथा प्रशांत गुप्ता, सृजन न्यूज से सुनील नामदेव, ईपिक सीजी से राजेंद्र तिवारी व नीरज सिंह ठाकुर, सुशील सिंह, अंकेश यादव, ऋतिक श्रीवास तथा आश्रम के सचिव बजरंग मित्तल सहित अन्य सेवादार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *