तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। परिवहन विभाग द्वारा जिले में संचालित यात्री बसों का निरीक्षण किया जा रहा है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार अधिकारियों द्वारा बसों के दस्तावेज, परमिट की शर्तों और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। वहीं, कमियाँ पाये जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जा रही है।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान बसों में निर्धारित क्षमता के अनुसार यात्रियों के बैठने, किराया सूची की उपलब्धता, अग्निशामक यंत्र, चालक एवं परिचालक के वैध लाइसेंस तथा परमिट की शर्तों सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं को देखा जा रहा है। इसके अलावा बस की छत पर सामान ढोने जैसे मामलों पर भी कार्रवाई की जा रही है। अब तक 42 बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 55,700 रूपये का जुर्माना राशि वसूल की गयी है, इनमें यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने, किराया सूची नहीं रखने, अग्निशामक यंत्र उपलब्ध नहीं होने, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने, कंडक्टर एवं ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित कमियों तथा बस के ऊपर माल परिवहन करने के मामले शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बस संचालकों को यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक प्रावधानों का पालन करने तथा वैध दस्तावेजों के साथ ही वाहनों का संचालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। विभाग द्वारा यात्री बसों का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से नियमों को ताक पर रखने वाले बस संचालकों में हड़कंप का माहौल है और बस यात्रियों के चेहरे पर संतुष्टि के भाव नजर आ रहे हैं। वहीं, शहर में चलने वाले पैदल और बाइक सवारों द्वारा ट्रकों व यात्री बसों में लगे तेज प्रेशर हार्न को लेकर चिंता जतायी जा रही है। उनका कहना है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों में बस चालकों द्वारा अचानक तेज हार्न बजाया जाता है, जिससे चौंक कर लोग घबरा जाते हैं और उनका संतुलन बिगड़ जाता है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। सम्बंधित विभाग को इस पर भी कार्रवाई करने की आवश्यकता है।



