तेज और खतरनाक ड्राइविंग की शिकायत पर स्कूल वाहनों की औचक जाँच

💥चौकी खरसिया पुलिस ने स्कूल वाहनों की औचक जांच कर ड्राइवरों का किया ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट, दस्तावेजों की भी जाँच।

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। चौकी खरसिया पुलिस को शिकायत एवं सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं कि कुछ स्कूल वाहनों के चालक तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हैं, जिससे स्कूली बच्चों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है और किसी भी समय दुर्घटना की स्थिति निर्मित हो सकती है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी द्वारा पुलिस टीम के साथ सड़क पर स्कूल वाहनों की औचक जांच की गई।
           जांच के दौरान स्कूल वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही चालकों का ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से शराब सेवन की जांच भी की गई। पुलिस टीम ने वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी कि स्कूली बच्चों को लेकर वाहन चलाते समय गति पर विशेष नियंत्रण रखें, यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
       चौकी खरसिया पुलिस के पुलिस अधिकारियों द्वारा स्कूल वाहन चालकों को हिदायत दी कि वाहन में सवार बच्चों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। तेज गति, खतरनाक ढंग से वाहन चलाना, शराब के नशे में वाहन चलाना अथवा यातायात नियमों की अनदेखी करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों के जीवन को भी खतरे में डाल सकता है।
         एसएसपी शशि मोहन के निर्देशन पर स्कूल वाहनों की जाँच आगे भी लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रायगढ़ पुलिस की अपील
        रायगढ़ पुलिस ने स्कूल प्रबंधन,अभिभावकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों की नियमित रूप से जाँच करते रहें। वाहन चालक वैध दस्तावेजों के साथ ही वाहन चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *