उपार्जन केंद्रों में धान लेकर पहुँच रहे अन्नदाताओं की बढ़ रही संख्या, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी


💥अब तक 330 किसानों ने बेचा 1,867 मीट्रिक टन धान।

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप एवं शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से जारी है। अब तक जिले में 330 किसानों से कुल 1,867.48 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इस वर्ष जिले में धान खरीदी के लिए कुल 112 उपार्जन केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
           धान खरीदी प्रक्रिया को किसानों के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से टोकन प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन और समिति स्तर पर दोनों विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। किसानों को टोकन के लिए सहकारी समितियों में बार-बार जाने और लंबी कतारों में लगने से बचाने के लिए ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप की सुविधा दी गई है। इसके माध्यम से किसान अपने मोबाइल फोन से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन लेने में असुविधा होने पर संबंधित सहकारी समिति के माध्यम से भी टोकन प्राप्त किया जा सकता है। इस व्यवस्था से किसानों को अपनी सुविधानुसार धान विक्रय की तिथि निर्धारित करने में सहूलियत मिल रही है। शासन के निर्देशानुसार उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा और व्यवस्थित धान खरीदी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
21 क्विंटल प्रति एकड़ की पूरी मात्रा नहीं बेचने पर भी मिलेगी आदान सहायता
          कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल धान की पूरी मात्रा बेचना अनिवार्य नहीं है। निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने वाले पात्र किसान भी योजना के प्रावधानों के अनुसार आदान सहायता के पात्र होंगे। इससे किसानों को खेती-किसानी की आवश्यकताओं को पूरा करने में अतिरिक्त आर्थिक सहयोग मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *