तहतक न्यूज/रायगढ़ छत्तीसगढ़। दो माह पूर्व पेट्रोल पंपों पर एयरपोर्ट स्तर की सफाई और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन व तेल कंपनियों द्वारा सख्त निर्देश जारी किये गए थे। निर्देश के तहत रायगढ़ सहित कई स्थानों पर 30 अक्टूबर तक की समय सीमा दी गई थी। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के तहत इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम जैसी कंपनियां 'दर्पण' व 'ड्राइवफ्रेश' जैसी पहलों और क्यूआर-कोड फीडबैक के जरिए सफाई मानकों की निगरानी कर रही हैं। नियमों के अनुसार हर पेट्रोल पंप पर साफ शौचालय, शुद्ध पेयजल, वाहनों के लिए मुफ्त हवा, प्राथमिक चिकित्सा (फर्स्ट एड) और अग्निशमन उपकरण उपलब्ध कराना अनिवार्य है। परन्तु, अधिकतर पेट्रोल पम्प संचालकों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया है।
खबर के मुताबिक, रायगढ़ जिले में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया, जिसमें स्वच्छ शौचालय, निःशुल्क हवा और शुद्ध पेयजल जैसी सुविधाओं में कमी पाई गई। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने तथा निर्धारित प्रावधानों का उल्लंघन किए जाने पर 8 पेट्रोल पंपों का विक्रय आगामी आदेश तक बंद कर सील करने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के तहत अंगुरी पेट्रोलियम, श्री हरि पेट्रोलियम, श्री बजरंग फ्यूल्स, राधाकिशन फ्यूल्स अंजोरीपाली विकासखंड खरसिया, नरेंद्र केएसके राजपुर, एमएस हेमकुण्ड फ्यूल्स कुरमापाली तहसील रायगढ़, मेसर्स रायगढ़ सिटी फ्यूल्स जूटमिल रायगढ़, बाबा फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पंप विकासखण्ड धरमजयगढ़ तथा अन्य संबंधित पेट्रोल पंपों में अनियमितताओं के आधार पर विक्रय बंद करने की कार्रवाई की गई है। संबंधित पंपों में मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल (प्रदाय तथा वितरण विनियमन और अनाचार निवारण) आदेश, 2005 तथा एलओआई की कंडिकाओं का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
विदित हो कि, प्रशासन ने जिले के सभी पेट्रोल-डीजल पंपों में नागरिक सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देशानुसार, प्रत्येक पेट्रोल पंप में महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक-पृथक, स्वच्छ और उच्च स्तर के शौचालय व नियमित साफ-सफाई, बेहतर सैनिटेशन एवं हाइजीन व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही एयरपोर्ट स्तर की स्वच्छता और सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया गया था। इसके बावजूद निरीक्षण के दौरान कई पेट्रोल पंपों में आवश्यक सुविधाओं की कमी और निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा संबंधित पंप संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
सभी पेट्रोल पंपों में सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
प्रशासन ने सभी संबंधित तेल कंपनियों एवं पेट्रोल पंप संचालकों से कहा है कि प्रत्येक पंप में स्वच्छ पेयजल, वाहनों में निःशुल्क हवा भरने की सुविधा, फर्स्ट एड बॉक्स, शिकायत एवं सुझाव बॉक्स तथा फोन और आपातकालीन संपर्क सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही सड़क से लगे पेट्रोल-डीजल पंपों के एप्रोच एरिया में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए है, ताकि वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। ए-साइट पेट्रोल-डीजल पंपों में संबंधित तेल कंपनियों द्वारा तथा बी-साइट पंपों में डीलर एवं संचालक द्वारा शौचालयों के निर्माण और आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में पेट्रोल पंपों की जाँच एवं निगरानी जारी रहेगी।



