शिक्षक पर गंभीर आरोप, छात्रा को अलग कमरे में ले जाकर करता था अश्लील हरकत और छेड़खानी

💥 बच्ची की दादी की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई, पुलिस ने आरोपी शिक्षक को किया गिरफ्तार।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में गुरु की महिमा को कलंकित करने वाले एक ऐसे शिक्षक की तस्वीर सामने आयी है, जिसे देखकर आपके पैरों तले जमीन खिसक जाएगी। जी हाँ, शर्मसार कर देने वाली इस घटना में प्राथमिक शाला में पदस्थ एक 52 वर्षीय शिक्षक द्वारा करीब 6 वर्ष 4 माह की मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत किए जाने की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान अजय कुमार भट्ट पिता स्वर्गीय रमेश चंद्र भट्ट (52 साल) निवासी ग्राम-ठूसेकेला, थाना-खरसिया, हाल मुकाम-घरघोड़ा क्षेत्र के रूप में हुई है।
       मामले में 13 नवंबर को स्थानीय महिला ने थाना घरघोड़ा में अपनी नातिन के साथ हुई घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला ने बताया कि 13 नवंबर को जब उसने बच्ची को स्कूल जाने के लिए कहा तो उसने स्कूल जाने से मना कर दिया। स्कूल नहीं जाने का कारण पूछने पर मासूम ने बताया कि 12 नवंबर को दोपहर में स्कूल के गुरुजी अजय कुमार उसे और कक्षा के एक अन्य बालक को दूसरे कमरे में ले गए थे। वहाँ शिक्षक कुर्सी पर बैठा और अपने प्राइवेट पार्ट दिखाया। बच्ची की बात सुनकर महिला ने गाँव के प्रमुख लोगों को इसकी जानकारी दी और डायल 112 को सूचना दी। डायल 112 की टीम ने मौके की जानकारी लेकर महिला को शिकायत दर्ज कराने थाना घरघोड़ा पहुँचाया।
        महिला के लिखित आवेदन पर घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी अजय कुमार भट्ट के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल उसे हिरासत में लिया। पूछताछ एवं विवेचना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
        एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में इस संवेदनशील अपराध की त्वरित कार्यवाही, आरोपी की पतासाजी, और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त एवं हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *