गार्डन जैसे सार्वजनिक स्थान भी नहीं रहे महफूज, रॉक गार्डन में युवती से सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट

💥आरोपियों ने युवती के मित्र को डंडे से मारकर किया बेहोश, फिर युवती को डरा-धमकाकर किये दुष्कर्म।

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। घूमने-फिरने के शौकीनों के लिए एक ऐसी खबर सामने आयी है, जिसे जान कर आपके रोंगटे खड़े हो जायेंगे। सार्वजनिक स्थानों में भी घूमना खासकर जब सुनसान हो, किसी खतरे से खाली नहीं है। बता दें कि, जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रॉक गार्डन बोतल्दा में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवती के मित्र के साथ डंडे से मारपीट कर उसे बेहोश कर दिया और फिर युवती को डरा-धमकाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। यही नहीं, आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। युवती की लिखित शिकायत पर खरसिया पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों राहुल पटेल और फनेश्वर प्रसाद पटेल को गिरफ्तार कर लिया है।
         पीड़िता के अनुसार, विगत 14 नवंबर को वह अपने गाँव से एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल से रेलवे स्टेशन सक्ती जाने के लिए निकली थी। ट्रेन लेट होने के कारण दोनों घूमते हुए दोपहर में खरसिया के रॉक गार्डन बोतल्दा पहुँच गए। इसी दौरान गार्डन में सीढ़ियाँ चढ़ते समय पीछे से दो युवक आए और उन्हें डरा-धमकाने लगे। आरोपियों ने युवती के मोबाइल में रखे 1,200 रुपये तथा उसके मित्र से 10,000 रुपये लूट लिए। इसके बाद डंडे से युवक के सिर एवं शरीर पर वार कर उसे बेहोश कर दिया। युवक के बेहोश होने पर दोनों आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। कुछ समय बाद जब युवक को होश आया तो आरोपियों ने दोनों का वीडियो बनाया और घटना के संबंध में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
         मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आने पर उन्होंने तत्काल एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव एवं थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव को आरोपियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। खरसिया पुलिस की टीम ने बोतल्दा में स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश की, संदेहियों के फोटो युवती को भेज कर आरोपियों की पुष्टि की गई और दोनों युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ एवं आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर आरोपी फनेश्वर प्रसाद पटेल से घटना का वीडियो बनाने में प्रयुक्त आईफोन मोबाइल तथा लूट की रकम में से 1,500 रुपये बरामद किए गए। वहीं आरोपी राहुल पटेल से 3,000 रुपये एवं वारदात में प्रयुक्त डंडा जब्त किया गया। आरोपियों के मोबाइल की जाँच में अन्य युवतियों के फोटो एवं वीडियो भी मिले हैं, जिनके संबंध में पुलिस जाँच कर रही है।
      आरोपी राहुल पटेल पिता खुलेश्वर पटेल उम्र 21 वर्ष निवासी बोतल्दा थाना-खरसिया, शारडा कंपनी डभरा में और दूसरा आरोपी फनेश्वर प्रसाद पटेल पिता कुसुम प्रसाद पटेल उम्र 20 वर्ष निवासी बोतल्दा, SKY कंपनी चपले में लेबर काम करता है। खरसिया पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी कर रिमांड पर भेजा गया है ।
     "महिलाओं एवं युवतियों के विरुद्ध अपराधों को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से लेती है। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।"- एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।
        घटना का त्वरित खुलासा करने में खरसिया थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव, प्रशिक्षु उप-निरीक्षक मुकेश कुमार सिन्हा, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी, आरक्षक विशोप सिंह, सत्या सिदार  योगेश साहू, सूरज साहू, अनूप मिंज तथा अन्य स्टाफ की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *