तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले के पूँजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम सराईपाली में बीते गुरुवार 12 नवम्बर को गाँव का ही एक युवक बीच बस्ती में तलवार लहराते हुए आम लोगों को गाली-गलौज कर डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा था। उसकी इस हरकत से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया, तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। फिर क्या.. सूचना मिलते ही पूँजीपथरा पुलिस मौके पर तत्काल पहुँच गयी और युवक को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से जेल वारंट जारी होने पर उसे जेल दाखिल कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी पूँजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सराईपाली बीच बस्ती में दिलीप सिदार नामक युवक हाथ में धारदार तलवार लेकर खुलेआम लहरा रहा है तथा आम लोगों को गाली-गलौज कर डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल उप-निरीक्षक दिलीप बेहरा को पुलिस टीम के साथ कार्रवाई के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने गाँव में युवक की पतासाजी करते हुए उसे तालाब के पास तलवार लहराते हुए घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लोहे की धारदार तलवार जब्त की। आरोपी का कृत्य धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत दंडनीय अपराध पाए जाने पर उसके विरुद्ध थाना पूँजीपथरा में वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से आरोपी दिलीप सिदार पिता ईश्वर प्रसाद उम्र 32 वर्ष निवासी सराईपाली थाना-पूँजीपथरा जेल वारंट जारी होने पर उसे जेल दाखिल कराया गया। इस कार्रवाई में उप-निरीक्षक दिलीप बेहरा, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, आरक्षक विक्रांत भगत एवं सुरेश सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
“सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर भय और दहशत का माहौल निर्मित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। जिले में कानून-व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”- एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।
फिलहाल, भय और दहशत का माहौल निर्मित करने वाले दिलीप सिदार की हरकत से जहाँ लोग सहम गए थे।वहीं, थाना पूँजीपथरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत की साँस ली है।



