अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी..! चोरों ने सीसीटीवी का DVR किया गायब, छानबीन में जुटी पुलिस


तहतक न्यूज। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर की मुख्य अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यह घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है, जहाँ अज्ञात चोरों ने दुकान को अपना निशाना बनाया।
     

जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोर दुकान की छत पर जाने वाली सीढ़ी का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। चोर दुकान के अंदर से 15 हजार रुपये कैश, सीसीटीवी का DVR और महंगी शराब की बोतलें अपने साथ ले गए हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद चक्रधर नगर थाना पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है और चोरों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

चोरों ने सोची-समझी साजिश के तहत सीसीटीवी का DVR गायब किया ताकि उनकी पहचान आसानी से न हो सके। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के विनोबा नगर निवासी और शराब दुकान के सुपरवाइजर विनोद प्रजापति (32) की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ नए कानून के तहत केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 (ए) और 331 (4) के तहत मामला दर्ज किया है।
जाँच के दौरान पुलिस को गोदाम की कुंडी की तरफ की दीवार टूटी हुई मिली है। इसके अलावा चोरों ने गोदाम के अंदर रखे मुख्य कैश लॉकर को भी तोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन वे लॉकर तोड़ने में असफल रहे।

काउंटर के गल्ले से ₹15,000 कैश और सीसीटीवी के डीवीआर (DVR) के अलावा, चोरों ने महंगी शराब की पेटियों को बिखेर दिया और वहाँ से 100 Pipers की 2 बोतलें तथा वैलेंटाइन (Ballantine's) की 1 बोतल चुरा ली। कुल मिलाकर लगभग ₹26,000 के नुकसान का आकलन किया गया है।

चूंकि चोर अंदर का डीवीआर ले उड़े हैं, इसलिए पुलिस अब दुकान के बाहरी रास्तों, मुख्य सड़क और आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि छत के रास्ते आने-जाने वाले संदिग्धों का सुराग लगाया जा सके। वहीं, चक्रधर नगर थाना पुलिस की टीमें संदिग्धों और आदतन अपराधियों से पूछताछ कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *