मुर्गा जल्दी देने की माँग करना युवक को पड़ गया महँगा, मुर्गा काटने वाले ने कत्ते से पैर पर किया वार

💥दोस्त के साथ मुर्गा खरीदने गया था युवक, गाली-गलौज के बाद दुकानदार ने किया हमला।

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। आजकल लोगों के दिलो-दिमाग पर गुस्सा इस कदर हावी हो जाता है कि आदमी अपना आपा खो बैठता है और ऐसा कांड कर बैठता है जिसकी कल्पना वो सपने में भी नहीं किया होता है। जी हाँ, ऐसी ही एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आयी है। बता दें कि, तमनार के ग्राम कठरापाली में मुर्गा जल्दी देने की बात पर हुए विवाद में दुकानदार ने मुर्गा काटने वाले लोहे के कत्ते से युवक के पैर पर वार कर उसे घायल कर दिया।
      मामले में तमनार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन सोनी पिता श्रवण सोनी उम्र 62 वर्ष सा० कठरापाली थाना तमनार के विरुद्ध गैर जमानती धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
         जानकारी के अनुसार, ग्राम कठरापाली निवासी मुकेश रात्रे पिता बिहारी लाल रात्रे, उम्र 19 वर्ष, दिनांक 23 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे अपने दोस्त मुकेश पैकरा के साथ गांव में कृष्णा सोनी की मुर्गा दुकान पर मुर्गा खरीदने गया था। इस दौरान मुर्गा जल्दी देने की बात कहने पर दुकान में मुर्गा काटने का काम करने वाले अर्जुन सोनी ने नाराज होकर युवक से गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट करने लगा। मारपीट के दौरान मुकेश रात्रे जमीन पर गिर गया, जिसके बाद आरोपी ने मुर्गा काटने वाले लोहे के कत्ते से उसके बाएं पैर के तलवे पर वार कर दिया।
       फिलहाल, इस घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। महज छोटी-मोटी बातों पर इस तरह से धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर देना समाज के लिए निश्चित ही गहरी चिंता का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *