रायगढ़ का गोवर्धनपुर-रामपुर मार्ग हुआ बदहाल, ऐश्वर्या कॉलोनी तक सड़क सुधार का बेसब्री से इंतजार


तहतक/रायगढ़, छत्तीसगढ़। शहर के गोवर्धनपुर-रामपुर मुख्य मार्ग से ऐश्वर्या कॉलोनी तक सड़क की बदहाल स्थिति अब आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। जगह-जगह उभरे बड़े और गहरे गड्डे, उखड़ी सड़क और उड़ती धूल ने लोगों का सफर मुश्किल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि वाहन चालकों को हर कदम पर संभलकर चलना पड़ रहा है। खासकर दुपहिया वाहन चालकों को अपनी जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा है। इसके बावजूद सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से क्षेत्रवासियों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं।
गड्डों के बीच सफर, हर वक्त दुर्घटना का खतरा
      गोवर्धनपुर-रामपुर मार्ग के कई हिस्सों में सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। गड्डों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अचानक सामने आने वाले गड्डों से वाहन अनियंत्रित होने और फिसलने का खतरा बना रहता है। वहीं, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और पैदल राहगीरों के लिए भी इस मार्ग से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। ऐसे में सड़क की मरम्मत में देरी लोगों की चिंता बढ़ा रही है।
भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ रही परेशानी
        इस मार्ग पर भारी मालवाहक और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही भी होती है। लगातार यातायात दबाव के बीच सड़क की दिनोंदिन बढ़ती जर्जर हालत समस्या को और गंभीर बना रही है।
धूल से परेशानी, बारिश में कीचड़ और जलभराव
सड़क की बदहाली का असर आसपास रहने वाले लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ रहा है। सूखे मौसम में वाहनों के गुजरने से धूल उड़ती है, जिससे रहवासियों को परेशानी होती है। वहीं, बारिश के दौरान गड्डों में पानी भरने और कीचड़ जमा होने से आवागमन और अधिक कठिन हो जाता है। सड़क किनारे रहने वाले लोगों के लिए यह समस्या अब नियमित परेशानी का कारण बनती जा रही है।
अस्थायी पैचवर्क नहीं, गुणवत्तापूर्ण निर्माण की जरूरत
      स्थानीय लोगों की मांग है कि सड़क पर केवल मिट्टी और गिट्टी डालकर या अस्थायी पैचवर्क कराकर जिम्मेदारी पूरी न की जाए। संबंधित विभाग पहले पूरे मार्ग का निरीक्षण करे और उसकी वास्तविक स्थिति के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मरम्मत तथा डामरीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करे। सड़क की निर्माण गुणवत्ता, मजबूती और भारी वाहनों के दबाव का तकनीकी आकलन किया जाना जरूरी है, ताकि सड़क के बार-बार खराब होने की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके और लोगों को बार-बार परेशानी से न जूझना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *