मारपीट करने वाले आरक्षक लाइन अटैच तो वहीं प्रधान आरक्षक पर गिरी निलंबन की गाज

💥ढाबा संचालक की शिकायत पर एसएसपी की तत्काल कार्रवाई, एसडीओपी धरमजयगढ़ को प्राथमिक जांच के निर्देश।

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। थाना धरमजयगढ़ अंतर्गत बिहारी ढाबा के संचालक मोंटू गुप्ता द्वारा पुलिसकर्मियों पर मारपीट एवं अशोभनीय आचरण किए जाने की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। शिकायत के बाद थाना धरमजयगढ़ के प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी को कर्तव्य में लापरवाही एवं अनुशासनहीनता बरतने के प्रथम दृष्टया पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं आरक्षक विजय राठिया द्वारा ढाबा संचालक के साथ अशोभनीय आचरण किए जाने का मामला प्रथम दृष्टया परिलक्षित होने पर उसे तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
        मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 सितंबर 2026 को ढाबा संचालक मोंटू गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय रायगढ़ पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था। शिकायत में बताया गया कि 23 सितंबर की रात्रि थाना धरमजयगढ़ के प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी एवं अन्य पुलिस स्टाफ उसके ढाबे पर पहुँचे और वहां विवाद करते हुए उसके साथ मारपीट की गई। शिकायत प्राप्त होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ की तथा शिकायतकर्ता का पक्ष भी सुना। प्रारंभिक स्तर पर पुलिसकर्मियों के आचरण एवं कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर उक्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। मामले की निष्पक्ष एवं समुचित जाँच के लिए एसएसपी ने एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी को प्राथमिक जाँच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्राथमिक जाँच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *