💥8.30 एकड़ में बनेगा ऑक्सीजोन, न्यू शनि मंदिर तक 2 किलोमीटर मरीन ड्राइव का सुदृढ़ीकरण, पाथवे व प्रकाश व्यवस्था से होगा क्षेत्र का सौंदर्यीकरण।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। सेवा ही संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ के ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण खर्रा घाट को नया स्वरूप देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। खर्रा घाट में लगभग 8.30 एकड़ भूमि पर ऑक्सीजोन निर्माण तथा खर्रा घाट से न्यू शनि मंदिर तक करीब 2 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव के सुदृढ़ीकरण, उन्नयन एवं पाथवे निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया।
विदित हो कि इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए एनटीपीसी के सीएसआर मद से 26 करोड़ 39 लाख रुपये का अनुबंध किया गया है। विकास कार्य पूर्ण होने के बाद खर्रा घाट और मरीन ड्राइव क्षेत्र शहरवासियों के लिए बेहतर हरित, मनोरंजक एवं सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।
खर्रा घाट से न्यू शनि मंदिर तक लगभग 2 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। पाथवे, प्रकाश व्यवस्था, ड्रेनेज सहित आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे नदी किनारे का क्षेत्र अधिक आकर्षक और व्यवस्थित बनेगा तथा शहरवासियों को घूमने और समय बिताने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। प्रकाश व्यवस्था के कारण रात में भी यह क्षेत्र रोशन और आकर्षक नजर आएगा।



