💥चार माह पहले हुई थी ट्रेन में जान-पहचान, जन्माष्टमी मेला दिखाने के बहाने नाबालिग को भगा ले गया आरोपी।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। आधुनिक फैशनपरस्ती और मोबाईल के दुरूपयोग का खतरनाक असर नाबालिगों पर ज्यादा पड़ रहा है। गार्जियन, बच्चों की जिद पर दुष्परिणाम की चिंता किये बिना मोबाईल थमा देते हैं और जब बच्चे मर्यादाओं की सीमा लाँघ कर माँ-बाप व कुल की इज्जत को तार-तार कर बैठते हैं तब उन्हें होश आता है। ऐसे ही एक अपमान जनक घटना की तस्वीर रायगढ़ जिले से सामने आयी है।
विदित हो कि कोतरारोड़ पुलिस ने नाबालिग बालिका के गुम मामले में संवेदनशीलता बरतते हुए बालिका को सकुशल दस्तयाब कर बालिका को भाग ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर अपहरण, दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट में न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक दिनांक 07/09/2026 को थाना कोतरारोड़ में स्थानीय महिला द्वारा उसकी बालिका (16.11 माह) के दिनांक 4 सितंबर को सुबह बिना बताए घर से कहीं चले जाने की रिपोर्ट कराई। परिजनों द्वारा बालिका को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला फुसलाकर भाग ले जाने की शंका जताए जाने पर थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 325/2026 धारा 137(2) BNS के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया।
थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में महिला उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर द्वारा मामले की विवेचना की गई । बालिका के परिजनों और सहेलियों से पूछताछ और बालिका के सोशल मीडिया अकाउंट्स को चेक किया गया जिसमें बालिका के कोरबा जिले के अनूप साह के संपर्क में आने की जानकारी मिली। कोतरारोड़ पुलिस संदेही अनूप साह के संबंध में जानकारी लेने पर संदेही के आज किरोड़ीमल क्षेत्र में देखे जाने की सूचना मिली, तत्काल संदेही को किरोड़ीमल नगर क्षेत्र में पकड़ा गया जिसके साथ गुम बालिका भी मिली। बालिका को महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पूछताछ करने पर बालिका बताई की करीब चार माह पहले चांपा से रायगढ़ आते समय ट्रेन में अनूप साह निवासी कोरबा से जान परिचय हुआ था। दोनों एक दूसरे का मोबाइल नंबर लेकर बातचीत करते थे। रक्षाबंधन के त्यौहार के समय बालिका का उसके मां के साथ कुछ कहा सुनी हुआ था जिसकी बात उसने अनूप साह को बताई। अनूप उसे कोरबा में जन्माष्टमी मेला देखने आने के बहाने बुलाया और बालिका को चांपा तक लेने गया और कोरबा ले आया। इस दौरान बालिका के साथ होटल में शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद दोनों ट्रेन से डोंगरगढ़ गए और वहां एक-दो दिन जन्माष्टमी मेले में घूमे फिर डोंगरगढ़ से ट्रेन से वापस रायगढ़ आए थे जिन्हें कोतरारोड़ पुलिस ने पकड़ा। आरोपी अनूप साह पिता देवानंद शाह उम्र 23 साल निवासी पुरानी बस्ती धनवार पारा वार्ड नंबर 4 थाना सिटी कोतवाली जिला कोरबा के विरुद्ध धारा 64(2)(m) BNS 6 पाक्सो एक्ट की धारा जोड़ी गई । आरोपी को गिरफ्तार कर उसके परिजनों को सूचना दी गई है ।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी तथा डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन पर हुई इस कार्यवाही में निरीक्षक शील आदित्य सिंह, उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर, प्रधान आरक्षक बाबूलाल और आरक्षक चंद्रेश पाण्डेय की अहम भूमिका रही है ।



