रायगढ़ के जन्माष्टमी महोत्सव में आयोजित भंडारा स्थलों में निगम की 24×7 विशेष सफाई व्यवस्था

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। जन्माष्टमी महोत्सव एवं मेला के दौरान शहर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित भंडारा कार्यक्रमों को देखते हुए नगर निगम द्वारा स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या और भंडारा स्थलों पर उत्पन्न होने वाले कचरे को ध्यान में रखते हुए निगम की सफाई टीमों को 24×7 तैनात रखा गया। इस दौरान निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने सभी भंडारा स्थलों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और स्वयं खड़े होकर सफाई कराई। भंडारा शुरू होने के दौरान से और समाप्त होने के बाद तक निगम के अमले ने तत्काल सफाई करते हुए कचरा एवं खाद्य अवशेष हटाए।
        भंडारा स्थलों की प्रारंभिक सफाई के बाद सुबह के समय नगर निगम आयुक्त स्वयं मौके पर पहुँचे और खड़े होकर सफाई कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने वैक्यूम टैंक क्लीनिंग एवं प्रेशर मशीन के माध्यम से पानी की तेज धार से सड़क और भंडारा स्थलों की धुलाई करवाते हुए सफाई व्यवस्था को मौके पर देखा।
आयुक्त ने यह सुनिश्चित कराया कि भंडारा आयोजन के कारण सड़क पर रह गए जूठन, खाद्य सामग्री के अवशेष, गंदगी और अन्य कचरे को पूरी तरह हटाया जाए तथा धुलाई के बाद स्थल स्वच्छ एवं व्यवस्थित नजर आए।
इस दौरान निगम के सफाई अमले ने मशीनों के माध्यम से प्रमुख सड़कों एवं भंडारा स्थलों की धुलाई की।
        आयुक्त श्री क्षत्रिय ने कहा कि प्रदेश में रायगढ़ की जन्माष्टमी महोत्सव की अलग पहचान है। शहर की इस बड़े धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे आयोजनों के दौरान नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ शहर की स्वच्छता बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से भंडारा स्थलों पर 24×7 सफाई अमले की तैनाती की गई थी।
उन्होंने कहा कि भंडारा समाप्त होने के बाद कचरा उठाने तक सफाई व्यवस्था सीमित नहीं रखी गई, बल्कि सुबह के समय मशीनों से संबंधित स्थानों की प्रेशर वॉशिंग भी कराई गई। मैं स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर यह देख रहा हूं कि सफाई कार्य व्यवस्थित ढंग से हो और किसी भी स्थान पर गंदगी न रहे।
         उल्लेखनीय है कि अग्रसेन चौक, श्याम मंदिर, गौरीशंकर मंदिर चौक, सुभाष चौक, नगर निगम परिसर, नगर निगम के सामने, स्टेशन रोड, गोपी टॉकीज रोड, मिनीमाता चौक, कयाघाट चौक, जूटमिल थाना के सामने, चक्रधर नगर चौक सहित अन्य भंडारा स्थलों पर विशेष सफाई एवं पानी से धुलाई कराई गई। नगर निगम की इस विशेष व्यवस्था से जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान और उसके बाद शहर के प्रमुख मार्गों एवं भंडारा स्थलों पर स्वच्छता देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *