💥15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक प्रदेशव्यापी साइबर जागृति अभियान, सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। प्रदेशवासियों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने और आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस के मार्गदर्शन में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत रायगढ़ जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को इस अभियान में सहभागिता के लिए क्यू आर कोड स्कैन कर अपनी “सेल्फी” अपलोड करने तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्वयं साइबर जागरूकता सेल्फी लेकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की। साथ ही वीडियो संदेश के माध्यम से जिलेवासियों से “साइबर जागृति अभियान” से जुड़ने और साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत दिए गए QR Code/Link के माध्यम से साइबर जागरूकता सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की जा सकती है। रायगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करें। सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।


