ओड़िशा से पूँजीपथरा लाये जा रहे 24 टन अवैध कबाड़ को ट्रक सहित पुलिस ने किया जप्त

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 टन स्क्रैप से लदे 14 चक्का ट्रक को पकड़ा है। पुलिस ने ट्रक में लोड विभिन्न प्रकार के टिन एवं लोहे के टुकड़े स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत ₹7.55 लाख, तथा परिवहन में प्रयुक्त ट्रक कीमती ₹10 लाख, कुल ₹17.55 लाख की संपत्ति जब्त की है।
            8 अगस्त शनिवार को थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि रायगढ़ की ओर से एक 14 चक्का ट्रक में अवैध रूप से स्क्रैप लोड कर पूंजीपथरा की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी द्वारा तत्काल पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने गेरवानी मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान ट्रक क्रमांक RJ05GB2229 को रोककर जांच की गई। ट्रक चालक ने पूछताछ में अपना नाम नेमीचंद मीणा पिता स्व. प्रभुलाल मीणा, उम्र 46 वर्ष, निवासी रामपुरिया, थाना इटावा, जिला कोटा (राजस्थान) बताया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार के टिन एवं लोहे के टुकड़े स्क्रैप लोड मिला। कबाड़ के संबंध में चालक से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने उक्त कबाड़ ओड़िशा से लोड कर पूंजीपथरा प्लांट में खपाने के लिए लाना बताया। पुलिस ने ट्रक में लोड करीब 24 टन कबाड़, कीमत ₹7,55,000 तथा परिवहन में प्रयुक्त 14 चक्का ट्रक RJ05GB2229, कीमत ₹10,00,000, कुल ₹17,55,000 की संपत्ति जब्त कर आरोपी नेमीचंद मीणा के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) BNSS एवं 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक राज कुमार पैकरा, आरक्षक नरेन्द्र पैंकरा, सुरेन्द्र यादव एवं विनय तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
            “अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के साथ-साथ ऐसे परिवहन में प्रयुक्त वाहनों पर भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”- एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *