दुर्गन्ध और दुर्घटना का पर्याय बनी शहर की कुख्यात "गंधरी पुलिया" के बहुरेंगे दिन <br>

💥शहर की जल निकासी व्यवस्था सुधारने निगम आयुक्त एक्शन मोड पर, कर रहे मैदानी निरीक्षण।
💥नाला के ऊपर किए गए अतिक्रमण हटाने और पानी निकासी के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने के दिए निर्देश।
💥संजय मार्केट, बड़पारा शराब दुकान क्षेत्र, गंधरी पुलिया एवं शांति लॉज परिसर का लिया जायजा।

तहतक न्यूज/रायगढ़। शहर में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने एवं जल निकासी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने निगम अधिकारियों के साथ संजय मार्केट, बड़पारा शराब दुकान क्षेत्र तथा शांति लॉज परिसर का निरीक्षण कर नालों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अधिकारियों को त्वरित एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
       निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त श्री क्षत्रिय ने संजय मार्केट एवं बड़पारा शराब दुकान क्षेत्र में नालों की सफाई, जल प्रवाह तथा बरसात के पानी निकासी की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि बरसात में जलभराव की समस्या रोकने के लिए नालों की नियमित सफाई, अवरोधों को हटाना तथा जल निकासी मार्ग को पूरी तरह सुचारु रखना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी करते रहें और जहां भी जल निकासी में बाधा हो, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कई स्थानों पर नालों के ऊपर अतिक्रमण होने से वहां की सफाई नहीं होने से पानी का प्रवाह प्रभावित हो रहा है। इस पर निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को विस्तृत सर्वे कर नालों पर हुए अतिक्रमण को नियमानुसार हटाने तथा जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से सुचारु बनाने के लिए व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
गंधरी पुलिया पर दुर्घटना रोकने बनेगी स्थायी कार्ययोजना
       निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने गंधरी पुलिया का भी निरीक्षण किया। तेज वर्षा के दौरान पुलिया के ऊपर से पानी बहने की स्थिति निर्मित होती है, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थल का तकनीकी परीक्षण कर स्थायी समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक निर्माण एवं सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ वर्षा के दौरान आवागमन भी निर्बाध बना रहे।
शांति लॉज के पीछे नाले की सफाई के दौरान मौके पर डटे रहे आयुक्त
        शहर में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए श्री क्षत्रिय ने शांति लॉज के पीछे स्थित नाले की सफाई कार्य के दौरान स्वयं मौके पर खड़े रहकर निरीक्षण कराया। नाले तक मशीन की सीमित पहुंच होने के कारण छोटे पोकलेन मशीन की सहायता से सफाई अभियान चलाया गया। आयुक्त ने पूरी कार्रवाई की निगरानी करते हुए नाले में जमा मलबा एवं अवरोधों को हटाकर जल प्रवाह सुचारु करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जहां भी मशीनों की पहुंच सीमित हो, वहां वैकल्पिक संसाधनों का उपयोग कर समयबद्ध ढंग से सफाई कार्य पूरा करें, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति न बने और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *