किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा PRADAN एवं HDFC बैंक परिवर्तन परियोजना, रायगढ़ में 3 नए सोलर लिफ्ट सिंचाई सिस्टम स्थापित

💥24 किसान परिवारों के लगभग 22 एकड़ कृषि भूमि होगी सिंचित।
💥अबतक 25 सोलर लिफ्ट सिंचाई सिस्टम हो चुके स्थापित, 104 से अधिक किसान परिवार हो रहे लाभान्वित।

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। किसानों को वर्षभर सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने तथा उनकी आय में वृद्धि के उद्देश्य से PRADAN एवं HDFC बैंक परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026–27 में अभी तक ग्राम भिखारीमाल एवं सहसपुरी में 3 नए सोलर लिफ्ट सिंचाई (SLI) सिस्टम स्थापित किए गए हैं। इनसे 24 किसान परिवारों की लगभग 22 एकड़ कृषि भूमि सिंचित होगी।
         

सोलर लिफ्ट सिंचाई प्रणाली की स्थापना से पूर्व ग्राम संगठन एवं पंचायत स्तर पर बैठकें आयोजित कर सिंचाई की आवश्यकता वाले किसानों की पहचान की गई। इसके बाद तकनीकी एवं सामाजिक मानकों के आधार पर स्थल चयन किया गया तथा प्रत्येक इकाई के लिए वॉटर यूजर ग्रुप का गठन किया गया। जल प्रबंधन को सुचारु बनाने के लिए प्रत्येक SLI पर दो स्थानीय ऑपरेटरों का चयन किया गया है, जो संचालन, रखरखाव, जल वितरण एवं उपयोग शुल्क संग्रह की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
         परियोजना का मुख्य उद्देश्य धान आधारित एकल फसल प्रणाली से आगे बढ़कर किसानों को दलहन, तिलहन, जैविक एवं सब्जी उत्पादन की ओर प्रोत्साहित करना है। इससे किसान वर्षभर खेती कर सकेंगे तथा प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग कर अपनी आय में वृद्धि कर पाएंगे।
परियोजना के अंतर्गत पहले से स्थापित सोलर लिफ्ट सिंचाई प्रणालियों के माध्यम से किसान गर्मी एवं वर्षा दोनों मौसमों में सफलतापूर्वक सब्जी उत्पादन कर रहे हैं। इससे किसानों की आमदनी महीनों में ₹40,000 से ₹60,000 तक की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई है, जो इस पहल की प्रभावशीलता को दर्शाता है। अब तक परियोजना के तहत कुल 25 सोलर लिफ्ट सिंचाई सिस्टम सहसपुरी, दुलोपुर, भिखारीमाल, पटेलपाली, रेगड़ा, डूमरपाली, नटवरपुर, साल्हेपाली, कांटाहरदी, जूरडा,आदि गांव में स्थापित किए जा चुके हैं, जिनसे 104 से अधिक किसान परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।    
        यह पहल किसानों की आय बढ़ाने, जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन, टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में जहाँ एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है वहीं, PRADAN एवं HDFC बैंक परिवर्तन परियोजना किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *