"सरस्वती साइकिल योजना" में बाँटे जा रहे साईकिलों की गुणवत्ता पर उठे सवाल

💥कुपाकानी में साइकिल वितरण के दौरान भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने किया विरोध।

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ शासन की छात्राओं के लिए संचालित महत्वपूर्ण योजना "सरस्वती साइकिल योजना" के तहत छात्राओं को साइकिल निःशुल्क वितरण किया जाता है, ताकि उनके विद्यालय आने-जाने में असुविधा न हो और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़े, लेकिन यह योजना उस समय सवालों के घेरे  में आ गई, जब लैलूंगा के शासकीय हाई स्कूल कुपाकानी में छात्राओं को साइकिल वितरण के दौरान साइकिल की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए।
        बता दें कि, भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने मौके पर पहुंचकर यह आरोप लगाया है कि छात्राओं को वितरित की जा रही साइकिलें घटिया एवं गुणवत्ता विहीन हैं साइकिल पर लगे अलग-अलग स्टिकरों को देख साइकिलों की गुणवत्ता की जांच कराए बिना वितरण का विरोध करते हुए उन्होंने उच्च अधिकारियों को तत्काल मौके पर बुलाने की मांग की। उन्होंने यह भी बताया कि पहले छात्राओं को साइकिल खरीदने के लिए पैसे दिया जाता था अब क्यों नहीं? प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना का पैसा दिया जाता है तो साइकिल का क्यों नहीं?
उन्होंने कहा कि जब तक संबंधित अधिकारी साइकिलों की गुणवत्ता का परीक्षण कर उन्हें प्रमाणित नहीं करते, तब तक वितरण नहीं किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा और शासन की योजनाओं की विश्वसनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
        फिलहाल, स्थानीय लोगों में इस मामले को लेकर  चर्चा का बाजार गर्म है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। बात तहतक की करें तो वर्तमान समय में जिस तरह से घोटाले और भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी और मोटी हो गयी हैं कि आज कोई भी चीज भरोसेमंद नहीं रह गया है। ऐसे में निःशुल्क मिलने वाली साइकिल की गुणवत्ता पर सवाल उठने से इंकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *