तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। वर्तमान समय में विकास के नाम पर जहाँ जंगलों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किया जा रहा है वहीं, वन्य प्राणियों का अस्तित्व भी खतरे में है। वन एवं वन्य पशु-पक्षियों के संरक्षण के लिए बने कड़े कानून के बावजूद वन्य जीवों के निर्मम शिकार की खबरें आये दिन प्रकाश में आ रही हैं, जोकि देश के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। हालाँकि, वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ निरंतर अभियान चलाये जा रहे हैं।
विदित हो कि, वन विभाग घरघोड़ा की गश्ती टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम जरकट में जंगली सूअर का शिकार करने वाले दो आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार किया है। आरोपी खेत में जंगली सूअर के मांस की कटाई कर रहे थे, तभी वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विगत 20 जुलाई सोमवार को वन अमला अपने नियमित गश्त पर निकला था। गश्त के दौरान वन क्षेत्र से लगे एक खेत में दो व्यक्ति जंगली सूअर के मांस की कटाई करते दिखाई दिए। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार दोनों आरोपी बुधराम यादव पिता मंगलू राम यादव एवं अमर साय यादव पिता रतन सिंह यादव, ग्राम जरकट के ही निवासी हैं। वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9 एवं 51 के तहत मामला दर्ज किया तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय घरघोड़ा में पेश किया गया है।
यह कार्रवाई वनमंडल अधिकारी रायगढ़ अरविंद पी. एम. के निर्देशन, उपवनमंडल अधिकारी घरघोड़ा आशुतोष मांडवा के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांत कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस कार्रवाई में घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के समस्त वन स्टाफ की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।



