💥जुआ रेड में करीब 90 लाख रूपये की 7 कार, 57,140 रूपये नगद एवं 5 गैस लाइट, खुडखुडिया जुआ सामाग्री जब्त।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। भगवान जगन्नाथ जी की रथयात्रा के दिन से ग्रामीण इलाकों में मेलों का आयोजन शुरू हो जाता है। अलग-अलग गाँव में आयोजित मेलों में बड़ी संख्या में लोग पहुँचते हैं और मेले का लुत्फ उठाते हैं। ऐसे वक्त में खुड़खुड़िया खेलाने वाले भी सक्रिय हो जाते हैं और ग्रामीण इनके पास भाग्य आजमाने के चक्कर में अपनी जमापूंजी गंवा बैठते हैं। यही कारण है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इसे गंभीरता से लिया है और जिले के सभी थानों को “ऑपरेशन अंकुश” के तहत कार्रवाई करने निर्देशित किया है। इसी क्रम में छाल पुलिस ने बीते रात्रि जुआरियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़-कोरबा बॉर्डर स्थित ग्राम धसकामुड़ा में मेला स्थल के बाहर संचालित जुए के 5 फड़ पर दबिश देकर 33 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान जुआ खेलने एवं खिलाने के लिए पहुंचे एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक KIA तथा एक ऑल्टो कार सहित लगभग ₹90 लाख मूल्य की संपत्ति, जुआ फड़ से ₹57,140 नगद तथा 5 गैस लाइट जब्त की गई हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़े गए जुआरी घरघोड़ा, तमनार, डभरा एवं जैजैपुर क्षेत्र के निवासी हैं, जो धसकामुड़ा बस्ती के छोर पर एकत्र होकर बड़े पैमाने पर खुडखुडिया जुआ खेल रहे थे। मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी तथा एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध घेराबंदी कर सभी खुडखुडिया जुआ खेलने और खिलाने वालों को मौके से गिरफ्तार किया।
इस मामले में छाल पुलिस द्वारा गिरफ्तार 33 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत अलग-अलग पाँच प्रकरण दर्ज किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है। छाल पुलिस की इस बड़ी कार्यवाही में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान और थाना छाल के स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही है ।
"रायगढ़ जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा।" - एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।



