तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। वैसे तो बेटियां बेटों के मुकाबले कम संसाधन में कोई भी कार्य चाहे किसी भी क्षेत्र में हों बड़े ही धैर्य और विश्वास के साथ करती हैं। यही कारण है कि वे हर मुकाम पर अपना वर्चस्व कायम करने में सफल रहती हैं। बात करें शिक्षा के क्षेत्र में तो यदि शुरुआत से ही उन्हें जरुरी सुविधाएं उपलब्ध हों तो निश्चित ही प्रत्येक बेटियां नाम रोशन करने से पीछे नहीं हटेंगीं। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम कन्या विद्यालय, घरघोड़ा में आज सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा नवमी की 123 पात्र छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं, जिससे उनके विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी एवं शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा। तथा कक्षा नौवीं के नव प्रवेशी छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तक का भी विवरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलन करके किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय राधेश्याम राठियाजी सांसद रायगढ़ उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत घरघोड़ा के अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी,भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान, जिला पंचायत सदस्य तमनार रमेश कुमार बेहरा सहित घरघोड़ा नगर के पार्षद गण, एल्डरमैन, जनप्रतिनिधि, अभिभावक गण एवं संस्था के समस्त शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री राठिया ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की यह योजना बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल छात्राओं की विद्यालय में उपस्थिति बढ़ेगी, बल्कि वे आत्मनिर्भर भी बनेंगी। विशिष्ट अतिथियों ने अपने उद्बोधन में सरस्वती साइकिल योजना की सराहना करते हुए अच्छी शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर अध्ययन करने और जीवन में उच्च लक्ष्य प्राप्त करने का आह्वान किया।
संस्था के प्राचार्य हरिश्चंद्र बेहरा ने समस्त अतिथियों का स्वागत अभिनंदन करते हुए, शिक्षा विभाग के समस्त योजनाओं को शाला में सफल क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए आज के कार्यक्रम में पधारे समस्त अतिथियों का आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के व्याख्याता विजय कुमार पंडा के द्वारा किया गया।



