💥देर रात पहाड़ मंदिर के पास घेराबंदी कर पुलिस टीम ने आरोपियों को दबोचा, कार व अवैध हथियार जब्त।
💥हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू, फरार आरोपियों की तलाश तेज।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले में अपराधियों की लगातार हो रही धर-पकड़ और पुलिस की सख्त कार्रवाई से जहाँ जिले वासी अमन और चैन महसूस कर रहे हैं वहीं, असामाजिक तत्व आपराधिक कृत्यों से बाज नहीं आ रहे हैं। बावजूद इसके कि, आज पुलिस इतनी हाईटेक और तेज हो गयी है कि कोई भी शातिर से शातिर अपराधी कितना भी चालाकी से वारदात को अंजाम दे, कानून के नजरों से बच नहीं सकता फिर भी उसे भय नहीं है। आपको बता दें कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संदिग्ध गतिविधियों पर चल रहे सतत निगरानी के दौरान थाना चक्रधरनगर पुलिस एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कल देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक देशी कट्टा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टोयोटा ग्लैंजा कार एवं देशी कट्टा जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।


पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से रायगढ़ आने वाली एक सफेद रंग की कार में सवार दो व्यक्ति अवैध देशी कट्टा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा एवं थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में उप निरीक्षक गेंदलाल साहू के हमराह संयुक्त पुलिस टीम ने पहाड़ मंदिर शराब भट्टी के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान टोयोटा ग्लैंजा कार क्रमांक CG-13 AQ-6663 पुलिस को देखकर कुछ दूरी पर रुक गई। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार में सवार दोनों युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम हरीश यादव (26 वर्ष), निवासी बजरंग रामभाठा, थाना कोतवाली, रायगढ़ तथा प्रहलाद केंवट (24 वर्ष), निवासी अंधियारीपार, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा, वर्तमान निवासी उच्चभिट्टी, किरोड़ीमल नगर, थाना कोतरारोड़, रायगढ़ बताया।
विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपियों को तलाशी संबंधी अधिकारों की जानकारी दी गई तथा उनकी सहमति से वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार के भीतर छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने देशी कट्टा एवं घटना में प्रयुक्त करीब 4 लाख रुपये कीमत की टोयोटा ग्लैंजा कार को गवाहों की उपस्थिति में जप्त कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि बरामद देशी कट्टा उन्होंने योगेश चौहान उर्फ सानू उर्फ साहिल चौहान, निवासी बंगलापारा रेलवे स्टेशन, थाना कोतवाली, रायगढ़ से खरीदा था। आरोपियों के अनुसार पुलिस की कार्रवाई के दौरान योगेश मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ अवैध हथियारों की आपूर्ति से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में उप निरीक्षक गेंदलाल साहू तथा आरक्षक मनोज पटनायक एवं रोशन एक्का की भूमिका जबरदस्त और सराहनीय रही।
"अवैध हथियारों का परिवहन एवं उपयोग करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। जिले में आपराधिक गतिविधि को पनपने नहीं दिया जाएगा। अवैध हथियारों के पूरे नेटवर्क का पता लगाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।" - एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।



