रायगढ़ के खर्रा घाट में 30 करोड़ की लागत से विकसित होगा मैरीन ड्राइव

💥 विजयपुर में 16 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा आधुनिक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर।
💥 ड्राइंग-डिजाइन में आवश्यक संशोधन कर शीघ्र अंतिम स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। इन दिनों जिले में प्रस्तावित विभिन्न प्रकार के विकास कार्यों को पूरा करने के लिए विशेष जोर दिया जा रहा है। विजयपुर में प्रस्तावित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, जीवनदायिनी केलो नदी के खर्रा घाट में विकसित किए जा रहे मैरीन ड्राइव तथा जेल परिसर स्थित पुराने भवन के स्थान पर प्रस्तावित व्यवसायिक परिसर निर्माण कार्य की समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन की तैयारी चल रही है।
           बता दें कि विजयपुर में लगभग 16 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के लिए चिन्हित स्थल का रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सेंटर की ड्राइंग एवं डिजाइन में आवश्यक संशोधन करते हुए इसे अधिक उपयोगी एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक सुधारों के बाद प्रस्ताव को शीघ्र अंतिम स्वीकृति के लिए विभाग को भेजा जाए, ताकि निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ हो सके।
          उल्लेखनीय है कि, केलो नदी के खर्रा घाट में लगभग 30 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किए जा रहे मैरीन ड्राइव लगभग दो किलोमीटर लंबाई में आकार ले रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का कार्यादेश जारी हो चुका है। मैरीन ड्राइव रायगढ़ की पहचान बनने वाली परियोजना है। इसके माध्यम से न केवल खर्रा घाट का सौंदर्यीकरण होगा, बल्कि नागरिकों को मनोरंजन एवं पर्यटन की बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। परियोजना के अंतर्गत घाट का विकास, गजीबो, आरसीसी पाथवे, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, प्रोमेनेड, फूड कोर्ट, बाह्य विद्युतीकरण सहित अन्य आवश्यक अधोसंरचनात्मक कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा जेल परिसर स्थित पुराने भवन को डिस्मेंटल करने के बाद वहां प्रस्तावित नए व्यवसायिक परिसर का निर्माण किया जायगा, ताकि शहर को आधुनिक व्यवसायिक अधोसंरचना उपलब्ध कराई जा सके। निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, विजय अग्रवाल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, सहायक कलेक्टर गोकुल आरके, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *