खबर का असर -- रातोंरात शुरू हुआ बिजली विभाग का सुधार कार्य, गाज की चपेट में आये तीन दिनों से क्षतिग्रस्त गिरा पड़ा था ट्रांसफार्मर

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। जनहित के मुद्दों को लेकर "ट्रांसफार्मर पर टूटा आकाशीय बिजली का कहर.." शीर्षक से तहतक न्यूज ने ग्राम चिराईपानी के ग्रामीणों की व्यथा को प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसे विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम भेजी और रातोंरात सुधार कार्य शुरू हुआ।
       

चूँकि, तेज आँधी, बारिश और गाज गिरने से यहाँ की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गयी है और ट्रांसफार्मर सहित बिजली के खम्भे, तार क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिसके चलते आज दोपहर तक सप्लाई चालू नहीं हो पायी है। हालाँकि, युद्ध स्तर पर काम जारी है और नया ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है, किन्तु कई जगह तार शॉर्ट होने की वजह से लाइन चालू करने में दिक्कतें आ रही हैं। वैसे विभाग की टीम पूरी मुस्तैदी से डटी हुई है।
              बता दें कि रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग में स्थित ग्राम चिराईपानी में विगत 29 जून को तेज आँधी-तूफान और तेज गरज के साथ आयी बारिश के दौरान विद्युत ट्रांसफार्मर पर आकाशीय बिजली गिरने से वह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके चलते पूरे गाँव में बिजली की आपूर्ति बंद हो गयी थी।

बिजली बंद होने से गाँव के सभी बोरपम्प बंद हो जाने से पीने के पानी की समस्या हो रही थी। यही नहीं, जंगल के बीच बसे होने के कारण गाँव रात होते ही अंधेरे में डूब जाता था, जिससे बारिश की वजह से गली-मोहल्ले में कीचड़ और जलभराव के बीच सांप, बिच्छू व अन्य जहरीले जीव-जंतुओं से ग्राम वासियों में दहशत का माहौल बना हुआ था।
           बहरहाल, तीन दिनों से हाल-बेहाल हो रहे ग्रामीणों ने युद्ध स्तर पर चल रहे सुधार कार्य को देख राहत की साँस ली है। वहीं, अभी-अभी सूचना मिली है कि बिजली सप्लाई चालू हो गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *