रायगढ़ के अटल कॉलोनी को मिलेगी बेहतर पेयजल सुविधा, अमृत मिशन पाइपलाइन विस्तार कार्य का भूमिपूजन

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। वार्ड क्रमांक 01 अटल कॉलोनी के नागरिकों को बेहतर एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ₹25 लाख की लागत से अमृत मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन विस्तार कार्य का भूमिपूजन महापौर जीवर्धन चौहान ने सभापति डिग्रीलाल साहू, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित वार्डवासियों के साथ किया। यह पाइपलाइन दाई होटल से अटल आवास कॉलोनी तक बिछाई जाएगी, जिसे राजीव नगर स्थित पानी टंकी से जोड़ा जाएगा। कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति और अधिक सुचारु एवं नियमित हो सकेगी।महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है।पेयजल जैसी आवश्यक सुविधा को लेकर किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अमृत मिशन के तहत शहर में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।सभापति डिग्रीलाल साहू ने कहा कि अटल कॉलोनी के रहवासियों की लंबे समय से बेहतर पेयजल व्यवस्था की मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पाइपलाइन विस्तार के बाद क्षेत्र के लोगों को नियमित और पर्याप्त पानी मिलेगा तथा उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के प्रयासों से शहर में पेयजल, सड़क, नाली सहित विभिन्न विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। उनके मार्गदर्शन में नगर निगम द्वारा जनहित से जुड़े कार्य प्राथमिकता के साथ किए जा रहे हैं, जिससे रायगढ़ के शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार तेजी से हो रहा है।वार्डवासियों ने पाइपलाइन विस्तार कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।भूमिपूजन कार्यक्रम में एमआईसी  सदस्य अमित शर्मा, पार्षद नेहा देवांगन,पार्षदपति अरुण गुरुजी ,मुक्कू यादव , सावित्री मिश्रा,विजय प्रताप सिंह,रवि साहू ,सेतकुमारी चौधरी एवं बड़ी संख्या में वार्ड वासी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *