तहतक न्यूज/रायगढ़,छत्तीसगढ़। गर्मी और उमस से हलाकान लोग पंखे, कूलर, एसी आदि का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन यही उपकरण कभी-कभी जानलेवा साबित हो जाते हैं। ऐसा ही कुछ वाकया रायगढ़ जिले की आईटीआई कॉलोनी में आज सुबह एक दर्दनाक हादसे के रूप में देखने को मिला, जहां घर में लगे विंडो एसी का कंप्रेसर फटने से भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि उनका 19 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है।

यह घटना चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली आईटीआई कॉलोनी में तड़के सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई। घर में लगे विंडो एसी का कंप्रेसर अचानक बम की तरह तेज आवाज के साथ फट गया। धमाके के बाद घर के मुख्य दरवाजे के पास भीषण आग और धुआं फैल गया। कमरा छोटा होने के कारण धुआं तेजी से अंदर भर गया। दम घुटने और झुलसने की वजह से घर के मुखिया पुरुषोत्तम पटेल (45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में उनका 19 वर्षीय बेटा आर्यन (राजवीर) पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग इतनी भयानक थी कि घर के अंदर रखा सारा सामान जल गया। इसके अलावा घर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलें (बाइक और स्कूटी) भी पूरी तरह जलकर राख हो गईं। तेज धमाके और चीख-पुकार को सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए। उन्होंने घर का दरवाजा तोड़कर पिता-पुत्र को बाहर निकाला और पुलिस (डायल-112) को सूचना दी।
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि एक दिन पहले ही (बुधवार को) बेटे आर्यन का 19वां जन्मदिन था। पूरे परिवार ने रात में धूमधाम से जन्मदिन मनाया था और खाना खाकर सोए थे। लेकिन सुबह होने से पहले ही इस हादसे ने पूरे घर की खुशियों को मातम में बदल दिया। फिलहाल चक्रधरनगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।

