फर्नेस भट्ठी से निकलता बुलबुला देख मजदूरों में मची अफरा-तफरी, भगदड़ में चार मजदूरों को आयी मामूली चोटें

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले के पूँजीपथरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देलारी स्थित रायगढ़ इस्पात एन्ड पॉवर लिमिटेड में कार्यरत श्रमिकों में उस वक्त भगदड़ मच गयी जब फर्नेस भट्ठी से बुलबुले के साथ कुछ धुआँ जैसा उठता दिखायी दिया, फिर क्या? वहाँ आसपास कार्य कर रहे मजदूर बदहवास होकर इधर-उधर भागने लगे। इसी भगदड़ में चार मजदूर मामूली रूप से घायल हो गए। आहतों को प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ के अपेक्स हॉस्पिटल भेजा गया है, जहाँ उनकी स्थिति सामान्य बतायी जा रही है।
          घटना के सम्बन्ध में कारखाना प्रबंधक सुनील पंडा ने बताया कि ऐसा कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ है।फर्नेस में गरम गैस का हल्का बुलबुला उठते देख वहाँ मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गयी और वे डरकर इधर-उधर भागने लगे। इस भागमभाग में चार मजदूरों को साधारण चोंटें आयी हैं जिन्हें बेहतर उपचार के लिए तत्काल अपेक्स हॉस्पिटल भेजा गया है। आगे उन्होंने बताया कि कंपनी अपने श्रमिकों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखती है। जब कभी कोई ऐसी विषम स्थिति आती है तो कंपनी अपने श्रमिकों का पूरी संवेदना के साथ हर संभव सहयोग करती है।
           फिलहाल, रायगढ़ इस्पात और इसमें कार्यरत श्रमिकों के लिए सौभाग्य की बात है कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और ना ही होना चाहिए। बात तहतक की करें तो जिले के अन्य कंपनियों में हुए फर्नेस ब्लास्ट जैसी घटनाओं और कामगारों के मौतों से लोगों के मन में दहशत का माहौल अभी भी बना हुआ है। यही वजह है कि रायगढ़ इस्पात के फर्नेस भट्ठी में बुलबुला देख मजदूर
घबरा उठे और वहाँ अफरा-तफरी मच गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *