तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। प्रतिवर्ष 19 जून को विश्व सिकल सेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य सिकल सेल रोग (SCD) की जानकारी, बचाव और इसके लक्षणों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।
इसी तारतम्य में शहर के प्रसिद्ध रायगढ़ आर्थो एंड जनरल हॉस्पिटल के संस्थापक डॉ. राजू अग्रवाल द्वारा आगामी दिवस शुक्रवार, 19 जून को निःशुल्क सिकल सेल जाँच शिविर आयोजित किया जा रहा है।
कार्मेल स्कूल मेन गेट के सामने रायगढ़ अर्थो एन्ड जनरल हॉस्पिटल में आयोजित शिविर में सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक डॉ. मल्लिका अग्रवाल द्वारा मरीजों की निःशुल्क सिकल सेल जाँच की जाएगी। डॉ. राजू अग्रवाल ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि अधिक से अधिक लोग इस निःशुल्क शिविर का लाभ उठायें एवं सिकल सेल रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाएँ।
उल्लेखनीय है कि सिकल सेल रोग (Sickle Cell Disease - SCD) एक आनुवंशिक (वंशानुगत) रक्त विकार है, जिसमें शरीर में सामान्य गोल लाल रक्त कोशिकाओं (RBCs) का आकार बदलकर हंसिया (दरांती या "C" आकार) जैसा हो जाता है। यह एक आजीवन रहने वाली स्थिति है जो माता-पिता से बच्चों में जीन के माध्यम से ट्रांसफर होती है।
जब कोशिकाएं नसों को ब्लॉक करती हैं, तो हड्डियों, जोड़ों, पेट और छाती में अचानक बहुत तेज दर्द शुरू हो जाता है। छोटे बच्चों में हाथ और पैरों की उंगलियों में सूजन और दर्द (डैक्टिलाइटिस) इसके शुरुआती लक्षण हो सकते हैं। खून की कमी के कारण कमजोरी महसूस होना और त्वचा व आंखों का पीला पड़ना। बार-बार संक्रमण प्लीहा को नुकसान पहुंचने के कारण मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है। अतः वर्तमान समय में जाँच करा लेना अत्यंत आवश्यक हो गया है।



