विवाहिता के लिए जानलेवा साबित हुआ 'मौत के करीब' का रील बनाना



💥 महिला की मोबाइल फोन में रिकॉर्ड हुई लाइव मौत,  जाँच में जुटी पुलिस।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने की अंधी होड़ में रील बनाना  बेहद जानलेवा साबित हो रहा है। आए दिन ऐसी दर्दनाक खबरें सामने आ रही हैं जहां चंद सेकंड के वीडियो बनाने के चक्कर में हंसते-खेलते लोग अपनी जिंदगी से हाथ धो बैठ रहे हैं। ऐसी ही रील बनाने की घटना में एक विवाहिता रील बनाते-बनाते कुछ ऐसा कर बैठी कि उसकी जान ही चली गयी।
                   प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर की पुरानी बस्ती में एक नवविवाहिता ने सोशल मीडिया में सुर्खियां बटोरने के चक्कर में अपनी जान गंवा दी। दरअसल, रील बनाने के चक्कर में मोबाइल का वीडियो रिकॉर्डिंग ऑन कर घर के सीलिंग पंखे में फंदा लगाई, मगर ऐन मौके पर उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ गया। यह दुखद घटना कोष्टा पारा नया गंज मोहल्ले का है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
        रायगढ़ के कोष्टा पारा में रहने वाला शुभम देवांगन की 22 साल की पत्नी विशाखा की घर के बंद कमरे में सीलिंग पंखे पर बंधे फंदे पर संदेहास्पद स्थिति में लटकती हुई लाश पायी गयी। शुभम ने पुलिस को बताया कि 4 बरस पहले ही विशाखा के संग उसकी शादी हुई थी। कल शुभम, उसका भाई आकाश और मां रजनी काम पर निकले तो विशाखा ठीक थी। दोपहर में जब लौटे तो कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। काफी खटखटाने के बाद भी विशाखा का कोई जवाब नहीं मिलने पर जब सीढ़ी लगाकर भीतर झांके तो सीलिंग फैन में वह फंदे पर झूलती दिखी। बदहवास परिजनों ने आनन-फानन में पंखे से नीचे उतारा, तब तक काफी देर हो चुकी थी। विशाखा इस दुनिया से अलविदा हो चुकी थी।
          आज जब विशाखा के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया और पुलिस ने यादव परिवार का बयान दर्ज किया तो कोई भी उसकी खुदकुशी की असली वजह नहीं बता पाया। वहीं, जब पुलिस ने मृतिका का मोबाइल फोन चेक किया तो पता चला कि वह सोशल मीडिया में हमेशा एक्टिव रहती थी और रील्स बनाने की बेहद शौकीन थी। ऐसे में जब विशाखा के मोबाइल की जाँच की गयी तो उसमें एक ऐसा वीडियो सामने आया, जिसे देखकर पुलिस के भी होश फाख्ता हो गए। वीडियो में विशाखा सीलिंग पंखे में फंदा लगाते दिख रही थी। फांसी पर लटकते ही उसने जेब में रखे ब्लेड को निकाला भी, लेकिन फंदे को वह काट पाती इससे पहले ही उसका शरीर शिथिल पड़ गया।
           फिलहाल, मोबाइल में रिकार्ड हुए लाइव वीडियो के आधार पर प्रथमदृष्टया रील्स बनाने के फेर में हुई जरा सी लापरवाही, महिला की मौत मानी जा रही है। बाकि, वास्तविक सच्चाई क्या है? यह तो पूरी जाँच के बाद ही स्पष्ट हो पायेगी।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *