💥रॉयल स्टेज, आईबी, ब्लैक डॉग, गोवा, रिजर्व क्वार्टर, किंगफिशर सहित कई नामी ब्रांड की पैकेजिंग का हो रहा था दुरुपयोग।
💥कोरोना काल से संचालित हो रहा था अवैध कारोबार, एक आरोपी गिरफ्तार, दो आरोपी फरार।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिलेभर में संचालित "ऑपरेशन आघात" के तहत नशे के अवैध कारोबारियों के विरुद्ध लगातार चल रही कार्रवाई में रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ऐसी कार्रवाई को अंजाम दिया है, जिसने जिले में नकली शराब के एक संगठित गिरोह के लंबे समय से संचालित नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया है। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में की गई इस सुनियोजित रेड कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में बिक्री के लिए तैयार की गई नकली शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं गिरोह के दो अन्य सदस्य फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम धनागर निवासी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू द्वारा बड़े पैमाने पर नकली एवं मिलावटी शराब तैयार कर बाजार में खपाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने तत्काल संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना कोतरारोड़, थाना साइबर एवं आबकारी विभाग की टीम ने रणनीति बनाकर पहले सूचना का सत्यापन किया। पुलिस के प्वाइंटर को शराब खरीदने के लिए आरोपी के पास भेजा गया, जिसने दो पौव्वा गोवा शराब खरीदी। खरीदी गई शराब के लेबल और होलोग्राम संदिग्ध पाए गए तथा आबकारी अधिकारियों द्वारा शराब की सुगंध एवं स्वाद की जांच करने पर भी असामान्यता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी।


पुलिस टीम के पहुंचते ही एक व्यक्ति मौके से भाग निकला, जबकि पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू बताया तथा फरार व्यक्ति की पहचान अपने बड़े भाई सुभाष पटेल के रूप में की। तलाशी के दौरान आरोपी के घर परिसर स्थित गाय रखने वाले कोठे से शराब का ऐसा जखीरा मिला, जिसने जांच टीम को भी चौंका दिया। मौके से रॉयल स्टेज, आईबी, रिजर्व क्वार्टर, गोवा, ब्लैक डॉग, गोल्डन गोवा और किंगफिशर बियर जैसे प्रतिष्ठित ब्रांडों की पैकेजिंग में बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि यह पूरी शराब नकली और मिलावटी है, जिसे अवैध रूप से तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा था।
विस्तृत पूछताछ में इस अवैध कारोबार के चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई सुभाष पटेल तथा सहयोगी विनय सिंह के साथ मिलकर अरुणाचल प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ से शराब खरीदते थे। इसके बाद उसमें स्प्रिट एवं अन्य पदार्थों के साथ रेड लेबल चायपत्ती का उपयोग कर शराब की मात्रा बढ़ाई जाती थी। पुराने उपयोग किए गए शराब की बोतलों को एकत्र कर उन्हें साफ किया जाता था और उन पर डुप्लीकेट लेबल तथा नकली होलोग्राम लगाकर पुनः पैकिंग की जाती थी। तैयार की गई इस नकली शराब को कोचियों के माध्यम से असली शराब के साथ बाजार में उतारा जाता था, जिससे आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और जीवन को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।
संयुक्त टीम द्वारा की गई कार्रवाई में 869 नग विभिन्न पैमानों (पौव्वा, अद्धी एवं बोतल) की लगभग 240 लीटर नकली शराब के साथ शराब ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, केटली, खाली बोतलें जब्त की गई है, नकली शराब के बिक्री से लगभग 2 लाख 16 हजार 245 रुपये का मुनाफा होना बताये हैं। आरोपी दुष्यंत पटेल ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि कोरोना काल से वह चोरी-छिपे इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहा था। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपियों सुभाष पटेल और विनय सिंह की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू पिता पुरुषोत्तम पटेल, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम धनागर, थाना कोतरारोड़ को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, सहायक आयुक्त आबकारी क्रिस्टोफर खलखो, डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में संपन्न इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक विजय चेलक, थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील कुमार आदित्य, आबकारी उप निरीक्षक रागनी नायक, एएसआई मनमोहन बैरागी तथा थाना साइबर, थाना कोतरारोड़ एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका रही।
"अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम जनता की जान से खिलवाड़ करने वाले ऐसे संगठित गिरोहों के विरुद्ध पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उसके प्रत्येक सदस्य के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ऑपरेशन आघात के तहत लगातार प्रभावी और निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी।" - एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।



