तहतक न्यूज/पुसौर-रायगढ़, छत्तीसगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर पुसौर पुलिस ने सॉ मिल से मशीनरी पार्ट्स चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई सामग्री बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी पितबासो साव (65 वर्ष), निवासी ग्राम चिखली, थाना पुसौर ने कल थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह बजरंग सॉ मिल का संचालन करता है। सॉ मिल में उपयोग के लिए खरीदी गई दो नई पुल्ली, जिनकी कीमत लगभग 14 हजार रुपये थी, मशीन के पास बाउंड्री के भीतर रखी गई थीं। दिनांक 26 मई 2026 को मशीन में लगाने के लिए देखने पर दोनों पुल्ली गायब मिलीं। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिए जाने की रिपोर्ट पर थाना पुसौर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैंस द्वारा प्रार्थी एवं गवाहों से पूछताछ की गई तथा सॉ मिल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया गया। फुटेज में ग्राम चिखली निवासी शहनू सिदार जैसा व्यक्ति पुल्ली को उठाकर दीवार के पार ले जाते हुए दिखाई दिया।
साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल संदेही शहनू सिदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की, जिसके कब्जे से चोरी गई दोनों पुल्ली, कुल कीमत 14 हजार रुपये, बरामद कर जब्त की गई।
"सीसीटीवी की मदद से चोरी का शीघ्र खुलासा हुआ है, आमजान अपने प्रतिष्ठान, घरों में सीसीटीवी लगावें। सीसीटीवी एवं तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से अपराधियों को शीघ्र चिन्हित कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।"-- एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।



