💥 आवागमन में हो रही भारी असुविधा।
💥क्षेत्र का व्यस्ततम मार्ग, बढ़ी दुर्घटना की संभावना।
💥बिफरे ग्रामवासी, मामला पहुँचा थाना।
तहतक न्यूज/गेरवानी-रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले के विकास के लिए जिस तरह से उद्योगों की अंधाधुंध स्थापना और विस्तार कर प्राकृतिक संसाधनों का दोहन हो रहा है, उससे कहीं ज्यादा स्थानीय ग्रामीणों और श्रमिकों का शोषण भी हो रहा है। क्षेत्र में धन के बल पर कॉर्पोरेट जगत पूरी तरह से हावी हो गया है और मनमानी हरकत करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही एक वाकया जिला मुख्यालय से चंद किलोमीटर दूर रायगढ़-घरघोड़ा मुख्यमार्ग में स्थित ग्राम चिराईपानी में देखने को मिला, जहाँ एक कंपनी द्वारा गाँव के शासकीय सड़क को ही जेसीबी से गहरा गड्ढा कर दिया गया है जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत लाखा के आश्रित ग्राम चिराईपानी में ओम श्री रुपेश प्लांट संचालित है जो चिराईपानी-गेरवानी पहुँचमार्ग पर स्थित है। ग्रामवासियों का कहना है कि गाँव के शासकीय सड़क को कंपनी द्वारा अपने निजी काम के लिए अवैध तरीके से जेसीबी से गहरा गड्ढा कर दिया गया है जिससे आने-जाने में कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कंपनी का पार्किंग स्थल नहीं है। कंपनी आने वाले वाहन सड़क किनारे ही खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे अन्य वाहनों को वहाँ से गुजरने में मुश्किल होता है और दुर्घटना का भय बना रहता है।
समस्त ग्रामवासियों द्वारा इस बात की शिकायत पूँजीपथरा थाने में भी की गयी है। शिकायत पत्र में उन्होंने ओम श्री रुपेश के मालिक शंकर अग्रवाल पर कार्रवाई की माँग की है।



