तहतक न्यूज/रायगढ़,छत्तीसगढ़। जिले के छातामुड़ा बाईपास रोड पर स्थित एक बड़े कबाड़ गोदाम में आज अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर भारी अफरा-तफरी मच गई और कई किलोमीटर दूर तक काले धुएं का गुबार देखा गया। बता दें कि जिस कबाड़ी गोदाम में आग लगी, उसके ठीक बगल में हीरो मोटरसाइकिल का शोरूम स्थित है, जहाँ आग की लपटें तेजी से फैलती देख शोरूम के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अंदर रखीं नई बाइकों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया। रायगढ़-रायपुर मार्ग के इस नेशनल हाईवे किनारे आग लगने और लोगों की भारी भीड़ जुटने के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया। यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुँचीं। भारी मात्रा में प्लास्टिक और कबाड़ होने के कारण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। फिलहाल, इस हादसे में किसी भी तरह की किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा लाखों रुपये का कबाड़ और सामान जलकर खाक हो चुका है। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
बात तहतक की करें तो हर साल गर्मियों में आगजनी की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन इससे कोई सबक नहीं लेता। कहीं कोई कचरा जला कर छोड़ देता है तो कोई सूखे पत्तों को जला देता है, परन्तु बुझने तक कोई नहीं रुकता। यही कारण है कि जरा सी लापरवाही के चलते कभी-कभी आग इतनी फैल जाती है कि आग पर काबू पाना मुश्किल हो जाता है। वर्तमान समय में तापमान 45° डिग्री से ऊपर जा रहा है, ऐसे में लापरवाही बिलकुल न करें। ज्वलन शील पदार्थों को दूर रखें। लाइटर अथवा माचिस का उपयोग सावधानी पूर्वक करें।



