निर्माण कार्यों में लापरवाह ठेकेदारों की खैर नहीं, एक और ठेकेदार हुआ ब्लैकलिस्टेड व अमानत राशि हुई राजसात


💥 पूर्व के ब्लैकलिस्टेड ठेकेदारों से लैंड रेवेन्यू की होगी वसूली।
💥 6 माह में 11 कार्यों के 9 ठेकेदार ब्लैक लिस्टेड।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़।  निगम प्रशासन द्वारा शहर में चल रहे निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है। समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण नहीं करने और कार्यों को अधूरा छोड़ने वाले ठेकेदारों की निविदाएं निरस्त कर दी गई हैं। साथ ही संबंधित फर्मों को ब्लैकलिस्ट करते हुए 1 लाख 44800 रुपए की अमानत राशि राजसात की गई है।
स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 अंतर्गत ओल्ड सारंगढ़ बस स्टैंड में 10 सीटर टाइप-1 आकांक्षीय शौचालय निर्माण कार्य कर्णिका कंस्ट्रक्शन प्रा.लि. रायगढ़ को दिया गया था। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी कार्य पूरा नहीं किया गया और कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद कार्य की गति बेहद धीमी रही। वर्तमान में केवल वॉल टाइल्स लगाने का कार्य चल रहा था, जिस पर निगम प्रशासन ने नाराजगी जताई।
इसके बाद निगम ने कार्रवाई करते हुए कर्णिका कंस्ट्रक्शन की निविदा निरस्त कर दी तथा फर्म को एक वर्ष के लिए निगम की सभी निविदाओं में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया है।  टेंडर लेने के एवज में फर्म द्वारा जमा किए गए 1 लाख 44 हजार 800 रुपए की राशि राजसात करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी तरह संजय मैदान विकास कार्य में भी लापरवाही सामने आने पर निगम ने पूर्व में कान्हा कंस्ट्रक्शन के विरुद्ध ब्लैकलिस्टेड करने एवं अमानत राशि राजसात करने की कार्यवाही की थी।  लगभग 39.79 लाख रुपए की लागत वाले इस कार्य को निर्धारित समय में पूरा किया जाना था, लेकिन ठेकेदार द्वारा कार्य अधूरा छोड़ दिया गया।  कान्हा कंस्ट्रक्शन की 2 लाख 61 हजार रुपए की ईएमडी राशि को राजसात की जा चुकी है।
इसके अलावा शेष देय 1 लाख 19 हजार 917 रुपए की राशि की वसूली भू-राजस्व (लैंड रेवेन्यू) की तरह किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं शेष कार्यों को पूरा कराने के लिए जल्द नई निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि शहर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधाओं से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा सबसे महत्वपूर्ण है, जो ठेकेदार कार्यों में उदासीनता बरतेंगे, उनके खिलाफ इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि निगम की प्राथमिकता शासकीय राशि का पारदर्शी उपयोग और समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करना है।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अधूरे पड़े कार्यों को जल्द पूरा कराने लगातार ठेकेदारों और इंजीनियर्स के कार्यों की समीक्षा की जा रही है। इसमें निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सहित समय सीमा का विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिन कार्यों में लापरवाही के कारण ब्लैक लिस्ट की कार्रवाई की गई है उस कार्य को जल्द पूर्ण करने के लिए नई निविदाएं आमंत्रित कर कार्य पुनः प्रारंभ कराया जाएगा, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
6 माह में 11 कार्यों के 9 ठेकेदार ब्लैक लिस्टेड
निगम प्रशासन द्वारा निर्माण कार्यों में लापरवाही को लेकर पिछले 6 माह में 11  कार्यों के 9 ठेकेदारों को ब्लैकलिस्टेड करने की कार्रवाई की जा चुकी है, जिसमें सीजी वेस्ट प्राइवेट लिमिटेड  रायपुर को वेस्ट मैनेजमेंट के अंतर्गत हाइड्रोलिक बेलिंग, ट्रॉमल यूनिट एवं अन्य संयंत्र स्थापना कार्य में लापरवाही के कारण ब्लैकलिस्ट किया गया। इसी तरह मेसर्स बालाजी कंस्ट्रक्शन, रायगढ़ (प्रो. तुलसी प्रसाद साहू) को वार्ड क्रमांक 48 कृष्णा वाटिका में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य में अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की गई। कान्हा कंस्ट्रक्शन, सक्ती (प्रो. कन्हैया सोनी) द्वारा संजय मैदान विकास कार्य, वार्ड क्रमांक 40 सुभाष नगर कॉलोनी कोतरा रोड में सीसी रोड निर्माण कार्य में कमी पाए जाने पर, यशराज स्टील रायगढ़ (प्रो. लीलाधर यादव),  मेसर्स शिवा इंटरप्राइजेज, रायपुर (प्रो. कृष्णा त्रिपाठी) को संजय मैदान एवं कमला नेहरू उद्यान विकास कार्य में लापरवाही, सड़क मरम्मत कार्यों में अनियमितता पाए जाने पर कृष्णा बिल्डकॉन प्रा. लि. रायगढ़ (प्रो. अनिल केडिया) को वार्ड क्रमांक 47 के दो अलग-अलग बीटी रोड मरम्मत कार्यों में दोषी पाए जाने पर, मेसर्स एस.एम. कंस्ट्रक्शन, रायगढ़ (प्रो. शेख अजीज नियारिया) को वार्ड क्रमांक 44 में आरसीसी नाली निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 अंतर्गत केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड में 10 सीटर टॉयलेट ब्लॉक निर्माण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर मुकुल मन्नत कंस्ट्रक्शन, रायगढ़ (प्रो. मुकेश कुमार सिंह) को ब्लैकलिस्ट किया गया है। इसी तरह आज ओल्ड सारंगढ़ बस स्टैंड में 10 सीटर टाइप-1 आकांक्षीय शौचालय निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने पर कर्णिका कंस्ट्रक्शन (प्रो. मृत्युंजय सिंह) को ब्लैकलिस्टेड किया गया। सभी फार्म एवं ठेकेदारों को ब्लैकलिस्टेड करने के साथ उनके द्वारा जमा किए गए ईएमडी, बैंक गारंटी आदि को भी राजसात किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *