💥तराईमाल बीएस स्पंज के पास पकड़े गये आरोपियों से नगदी रकम, स्ट्राइगर गोटी और जुआ सामग्री जब्त।
तहतक न्यूज/पूँजीपथरा-रायगढ़, छत्तीसगढ़। “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार चल रही कार्रवाई के अंतर्गत कल दिनांक 04 मई 2026 को थाना पूंजीपथरा पुलिस द्वारा पेट्रोलिंग के दौरान ग्राम तराईमाल स्थित बीएस स्पंज के पास जुआ फड़ संचालित होने की सूचना पर तत्काल दबिश दी गई।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पेड़ के नीचे दो व्यक्ति हार-जीत का दांव लगाकर स्ट्राइगर गोटी से जुआ खिलाते पाए गए। घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दीपक कुमार डिस्टाल्ले पिता रामचंद्र उम्र 28 वर्ष निवासी जेलपारा थाना जूटमिल रायगढ़ तथा अभय चौहान पिता सुरेश चौहान उम्र 25 वर्ष निवासी विजयपुर मां बिहार कॉलोनी थाना चक्रधरनगर रायगढ़ बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी दीपक कुमार के कब्जे से 03 नग स्ट्राइगर गोटी और एक पुराना इस्तेमाली टॉवेल तथा आरोपी अभय चौहान के कब्जे से एक प्लास्टिक बोरी और नगदी रकम 1,700 रूपये बरामद कर जप्त किया गया। दोनों आरोपियों द्वारा हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खिलाना स्वीकार किए जाने पर उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
बात करें तहतक की तो गेरवानी से लेकर पूँजीपथरा क्षेत्र में स्थापित उद्योगों के आसपास स्ट्राइगर गोटी से जुआ का खेल बीते काफी लम्बे समय से चल रहा था। स्ट्राइगर गोटी के शातिर खिलाड़ियों का फड़ मात्र दस से पंद्रह मिनट का लगता था और ये लोगों के पैसे बटोर तत्काल गायब हो जाते थे। यही वजह है कि ये पकड़ में नहीं आ पाते थे। एसएसपी शशि मोहन के दिशा निर्देशन पर ऑपरेशन अंकुश के तहत पूँजीपथरा पुलिस की कार्यवाही से आम जनों ने राहत की साँस ली है। वहीं एसएसपी ने सख्त लहजे में कहा है कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने पुलिस लगातार फील्ड इनपुट और पेट्रोलिंग के माध्यम से ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखे हुए है, जुआ-सट्टा पर कार्यवाही जारी रहेगी।



