कमोसिनडांड घाट पर व्यापारी से दिनदहाड़े लूट, पुलिस कर रही तलाश

तहतक न्यूज/कापू-रायगढ़, छत्तीसगढ़। कापू क्षेत्र की सड़कों पर निर्भय होकर चलना राहगीरों के लिए मुश्किल हो गया है। यहाँ दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से लोग दहशत में हैं।
               जानकारी के अनुसार कापू के व्यापारी संतोष गुप्ता अपने सहयोगी नन्द किशोर दास के साथ पिकअप वाहन से वापस लौट रहे थे, तभी कमोसिनडांड घाट के पास कुछ नकाबपोश बदमाशों ने सड़क पर लकड़ी डालकर रास्ता रोक लिया। बदमाशों के हाथों में देशी कट्टे थे और दहशत फैलाने के लिए एक बदमाश ने हवाई फायरिंग भी की। इसके बाद आरोपियों ने संतोष गुप्ता के पास रखे करीब 60-70 हजार रुपये नगद, एक मोबाइल फोन तथा वाहन की चाबी लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ और कापू पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जारी है। फिलहाल, इस घटना से जहाँ स्थानीय व्यापारियों में भय का माहौल व्याप्त है, वहीं आम जनता में भय का माहौल है। सड़क पर चलने से पहले लोगों को अब कई बार सोचना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि कापू क्षेत्र में पहले भी लोन रिकवरी करने वाले एक फील्ड ऑफिसर से मारपीट कर 95 हजार रुपये की लूट की घटना सामने आ चुकी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *