💥एमपी, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ में फैला था नेटवर्क।
💥बैंक से पैसा निकालने वालों को बनाते थे निशाना।
💥सीसीटीवी एनालिसिस से मिली बड़ी लीड।
तहतक न्यूज/लैलूंगा-रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले के लैलूंगा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। उठाईगिरी, लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड आरोपी अरविंद प्रताप सिंह उर्फ अरविंद नट को गिरफ्तार किया है। आरोपी अरविंद नट द्वारा अपने साथी ओमप्रकाश उर्फ बच्चा सिसोदिया उर्फ ओमप्रकाश नट के साथ रायगढ़ जिले के अलावा उड़ीसा एवं छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लगातार लूट, चोरी और उठाईगिरी के अपराधों को अंजाम दिया जा रहा था।
सीसीटीवी एनालिसिस से हुई पहचान, रेकी करते पकड़ा गया आरोपी
विदित हो कि थाना लैलूंगा क्षेत्र अंतर्गत इसी साल जनवरी महीने में बुधवारी बाजार और TVS शो रूम के पास मोटर सायकल डिक्की से उठाईगिरी और इसी महीने स्टेट बैंक शाखा लैलूंगा के पास से लगातार दो उठाईगिरी की घटनाएं हुई थी।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा एसडीओपी धरमजयगढ़ और थाना प्रभारी लैलूंगा को वारदातों पर अंकुश लगाने तथा शीघ्र माल मुल्जिम की पतासाजी निर्देशित किया गया, लैलूंगा पुलिस ने लगातार हो रही वारदातों का तकनीकी विश्लेषण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अंतरराज्यीय इनपुट जुटाए, जिससे ग्राम शिवपुरी पत्थलगांव जिला जशपुरनगर के आरोपी अरविंद प्रताप सिंह और ओमप्रकाश उर्फ बच्चा सिसोदिया की पहचान सुनिश्चित हुई। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी अरविंद प्रताप सिंह को उस समय धर दबोचा जब वह लैलूंगा क्षेत्र में फिर से उठाईगिरी की योजना बनाकर रेकी कर रहा था।
अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा
आरोपी अरविंद ने बताया कि ठेकेदारी का काम करता है। अपने साथी ओंमप्रकाश उर्फ बच्चा सिसोदिया पिता सीताराम उम्र 45 वर्ष ग्राम भलगढ़ थाना अनुपपुर जिला अनुपपुर (म.प्र.) के साथ मिलकर मध्य प्रदेश के अनुपपुर, शहडोल, उड़ीसा के सुंदरगढ़, झारसुगड़ा में एक वर्ष के भीतर 10-12 जगह उठाईगिरी लुटपाट एवं चोरी किये है। आरोपी ने जशपुर जिले में भी उठाईगिरी को अंजाम देना स्वीकार किया गया। आरोपी ने रायगढ़ जिले के लैलूंगा थानाक्षेत्र में माह जनवरी 2026 में लैलूंगा के घरघोड़ा रोड में एक मोटरसाइकिल गैरेज के सामने खड़ी बाइक के डिक्की से करीबन 2,15000 रू. (दो लाख पन्द्रह हजार) रूपये को चोरी, जनवरी 2026 में ही बुधवारी बाजार लैलूंगा के पास खड़ी एक बाइक की डिक्की से 40,000 रू. चोरी, माह अप्रैल 2026 में दीवान होटल लैलूंगा के पास खड़ी एक लाल रंग के कार के कांच को लोहे के पेचकस से तोड़कर कार के भीतर रखा हुआ 59,000 रू. की चोरी और माह अप्रेल 2026 में ही अग्रसेन चौक के पास खड़ी एक बाइक की डिक्की से 50,000 रू. चोरी करना बताया। आरोपी ने लूट और चोरी के पैसों से एक मोटरसाइकिल होंडा शाइन की खरीदी की थी जिसे अपराधों में इस्तेमाल किया है और काफी रुपए घरेलू कामों में खर्च किया है। आरोपी के कब्जे से एक बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल, पेचकस और चाबी बरामद की गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है तथा उसका साथी ओंमप्रकाश उर्फ बच्चा जो अभी फरार है उसकी तलाश जारी है।
वारदात का पैटर्न
आरोपी अरविंद से पूछताछ में आरोपियों का एक सुनियोजित पैटर्न सामने आया है, जिसमें दोनों आरोपी बैंक और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के आसपास सक्रिय रहते थे और पैसे लेकर निकलने वाले व्यक्तियों की रेकी करते थे। जैसे ही मौका मिलता, वाहन खड़ा कर ध्यान भटकने पर पेचकस और डुप्लीकेट चाबी की मदद से मोटरसाइकिल की डिक्की खोलकर या कार का शीशा तोड़कर अंदर रखी रकम पार कर देते थे। वारदात के बाद रकम आपस में बांट ली जाती थी
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी व एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के सतत मार्गदर्शन पर इस आरोपी की गिरफ्तारी में सफलता मिली है। थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव के कुशल नेतृत्व में हुई इस जबरदस्त कार्रवाई में प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा, आरक्षक विनोद कुजूर, जितेन्द्र कुर्रे और राजू तिग्गा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है जोकि प्रशंसा के योग्य है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि किसी भी स्तर पर सक्रिय इस प्रकार के संगठित अपराधियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आमजन विशेषकर बैंक से लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
रेकी करते समय पकड़ा गया उठाईगिरी-लूट गैंग का मास्टर माइंड
Leave a comment
Leave a comment
