श्री रूपाणाधाम कंपनी में मजदूर की मौत को लेकर मालिक के खिलाफ एफआईआर और गिरफ्तारी की माँग 

तहतक न्यूज/पूँजीपथरा-रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले में औद्योगिक हादसे थमने का नाम ही नहीं ले रहे। हादसे तो हादसे होते हैं, लेकिन हद तब होती है जब उद्योग प्रबंधन सुरक्षा व्यवस्था में खर्च बचाने के लिए भारी लापरवाही करते हैं। यही वजह है कि यहाँ उद्योगों में आये दिन कोई न कोई श्रमिक असमय ही काल के गाल में समा रहा है। उद्योग प्रबंधनों की मनमानी इतनी बढ़ गयी है कि सम्बंधित विभाग की कार्रवाई और जुर्माने का भी कोई असर नहीं पड़ता। ऐसे ही एक मामले में विवादों से हमेशा नाता रखने वाले रूपाणाधाम स्टील कंपनी इस बार फिर से चर्चा में है। दरअसल, इस कंपनी में काम करने के दौरान ऊंचाई से गिरने की घटना में एक श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई है। घर के एकमात्र कमाने वाले मुखिया के आकस्मिक मौत से जहाँ उसका परिवार शोक के महासागर में डूब गया है, वहीं युवक कांग्रेस ने इस हादसे को सियासी रूप देते हुए रूपाणाधाम के मालिक के खिलाफ एफआईआर और गिरफ्तारी की मांग को लेकर पूंजीपथरा पुलिस को ज्ञापन भी सौंपा है।
                    रायगढ़ जिले में पूंजीपथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित श्री रूपाणाधाम स्टील प्राइवेट लिमिटेड सरायपाली में बीते 08 अप्रैल को हुए गंभीर औद्योगिक हादसे ने श्रमिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना में दीपक चौहान नामक श्रमिक बायलर के ऊपर कार्य के दौरान ऊपर से गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया था और जिंदल हॉस्पिटल में उपचार के दौरान उसकी दर्दनाक मृत्यु हो गई।
                    प्रदेश महासचिव राकेश पांडेय के निर्देश पर घटना के दूसरे ही दिन 09 अप्रैल को युवा कांग्रेस रायगढ़ के जिला अध्यक्ष उस्मान बेग ने थाना पूंजीपथरा पहुंचकर पहला लिखित आवेदन देते हुए प्लांट स्वामी व संबंधित प्रबंधन के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई तथा प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई थी। आवेदन में प्लांट प्रबंधन पर श्रमिक सुरक्षा मानकों की अनदेखी, सुरक्षा उपकरणों की कमी व जिम्मेदार अफसरों की लापरवाही का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था।
            श्रमिक दीपक चौहान की उपचार के दौरान मृत्यु हो जाने के बाद आज पुनः थाना पूंजीपथरा में दूसरा पूरक आवेदन प्रस्तुत किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता के तहत अन्य प्रासंगिक धाराएँ जोड़कर प्लांट मालिक और संबंधित प्रबंधन अधिकारियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है। इसके साथ ही पत्र के माध्यम से पुलिस अधीक्षक रायगढ़ को भी विस्तृत आवेदन प्रेषित किया गया है, जिसमें अब तक प्राथमिकी दर्ज न होने पर तत्काल एफआईआर, प्लांट मालिक के साथ जिम्मेदार आरोपियों की गिरफ्तारी, घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज जब्ती, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की संयुक्त तकनीकी जांच तथा मृतक परिवार को वैधानिक मुआवजा एवं परिवार के एक सदस्य को रोजगार दिलाने की मांग की गई है।
       युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष उस्मान बेग ने कहा कि 08 अप्रैल को हादसा, 09 अप्रैल को पहला आवेदन और आज मृत्यु के बाद दूसरा आवेदन थाना में दिया जा चुका है, साथ ही पुलिस अधीक्षक महोदय को भी पत्र भेजा गया है। दोषी प्लांट प्रबंधन पर कठोर कार्रवाई, FIR और गिरफ्तारी होने तक न्याय की यह लड़ाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *