आन, बान और शान से निकलेगी रामनवमी की भव्य शोभायात्रा, रामनवमी आयोजन समिति की हुई महत्वपूर्ण बैठक


तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। सर्व विदित है कि कला और प्राचीन संस्कृति की नगरी रायगढ़ में रामनवमी के दिन बड़े ही धूमधाम के साथ भव्य शोभायात्रा का आयोजन होता है। हर वर्ष की भांति इस बार भी धूमधाम के साथ 27 मार्च रामनवमी के दिन आन, बान और शान से शोभायात्रा निकलेगी। इस भव्य शोभायात्रा में लगभग 60 समाज के लोग विभिन्न प्रकार के नयनाभिराम झांकियां निकालते हुए रामभक्ति की मिसाल पेश करेंगे।
आगामी 27 मार्च को इसे यादगार बनाने के लिए शहर के अग्रसेन भवन में रामनवमी आयोजन समिति की अहम बैठक हुई। बैठक में विभिन्न समाज और संस्थाओं से जुड़े शताधिक लोगों ने बड़े ही उत्साह पूर्वक हिस्सा लिया और और सुझाव देते हुए रामभक्त होने का परिचय दिया।
         दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करना और शोभायात्रा को अभूतपूर्व निकालना ही रामनवमी आयोजन समिति का मुख्य उद्देश्य है। बैठक में आयोजकों ने कहा कि प्रत्येक परिवार का हर सदस्य कम से कम 10 रुपए समर्पण राशि को समिति के क्यूआर कोड में देते हुए रामभक्त होने का परिचय दें।
   इस वर्ष पहली बार प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार होगा, जो शोभायात्रा में शामिल सामाजिक झांकियों को पूरे सम्मान के साथ देने की पहल होगी। शहर के गौरीशंकर मंदिर चौक, श्याम टाकीज चौक और गोपी टाकीज चौक के समीप निर्णायक समिति सेल्फी लेगी।  चुने गए झांकियों को आकर्षक पुरस्कार भी दिया जाएगा। इसके लिए 10 पॉइंट है, जिसमें साज सजावट के साथ आए झांकी से लेकर सामाजिक भीड़ तक को देखी जाएगी।     
               शिव तांडव, पंजाब लाइव बैंड, चार्ली चैपलिन, आदिवासी नृत्य, बाहुबली हनुमान, काला हांडी का कटप्पा, बस्तर नाचा और पावर जोन जैसे हाईटेक झाँकियां इस साल रामनवमी शोभायात्रा के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगे।
          बैठक में राजकीय गीत और क्यूआर कोड का  सुझाव भी सामने आया, जिसमें नटवर स्कूल से जब शोभायात्रा निकलेगी तो राजकीय गीत होगा। पावर जोन की साइज छोटी और नवरात्रि में रायगढ़ के देवी मंदिरों में रामनवमी शोभायात्रा समिति का क्यूआर कोड लगाया जाए, ताकि बढ़चढ़ कर आर्थिक सहयोग मिल सके।
चूंकि, इस महीने मार्च की 27 तारीख को मर्यादा पुरुषोत्तम राम का पावन दिवस है, ऐसे में इस पल को यादगार बनाने के लिए रायगढ़ वासियों ने पूरी ऊर्जा झोंक दी है। विगत 2014 से शुरू रामनवमी शोभायात्रा की गूंज न केवल रायगढ़ में, अपितु पूरे छत्तीसगढ़ में सुनाई देती है। इस अवसर पर पूरे शहर में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ होती है।
            इस महत्वपूर्ण बैठक में महापौर जीवर्धन चौहान, दीपक पांडेय, प्रदीप गर्ग, शाखा यादव, अधिवक्ता बाबूलाल अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल (लेन्ध्रा), विकास केडिया, आशीष यादव, राकेश पांडेय, सुमीत शर्मा आदि ने अपने संबोधन में सुझाव रखते हुए शोभायात्रा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *