'कृषक उन्नति योजना' के तहत आदान सहायता राशि का हुआ वितरण

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। नगर निगम ऑडिटोरियम, रायगढ़ में आयोजित 'वृहद् किसान सम्मेलन' के दौरान 'कृषक उन्नति योजना' के अंतर्गत जिले के हजारों किसानों को आदान सहायता राशि का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे तथा  अध्यक्षता महापौर जीवर्धन चौहान ने की।
                   कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए संकल्पित है। सीधा लाभ हस्तांतरण (DBT) योजना के तहत धान पर रूपये 731 (मोटा) और रूपये 711 (पतला) प्रति क्विंटल की दर से सहायता राशि सीधे किसानों के खातों में भेजी गई। पूरे प्रदेश में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है।मंच से किसानों को संबोधित करते हुए यह स्पष्ट किया गया कि यह राशि केवल सरकारी मदद नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत का सम्मान है। इससे न केवल धान उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि दलहन, तिलहन और मक्का जैसी वैकल्पिक फसलों को भी प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे छत्तीसगढ़ 'विकसित छत्तीसगढ़ @2047' के लक्ष्य की ओर अग्रसर होगा।
           जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम महेश शर्मा तथा जिला पंचायत सदस्य सुषमा खलखो सहित अन्य अतिथियों ने किसानों को बधाई देते हुए आगामी होली त्यौहार की अग्रिम शुभकामनायें दीं। वहीं, जिला प्रशासन की मुस्तैदी की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *