आईफोन के शौक ने बेटे सहित माता-पिता को भी धकेल दिया मौत के मुँहाने में, पहाड़ी की चोटी से गिरकर तीनों की मौत

तहतक न्यूज/महाराष्ट्र। आज नेटवर्क के जमाने में मोबाईल हर हाथ में शोभायमान है। इसके बिना एक कदम भी चलना मुश्किल सा हो गया है। बच्चे, बूढ़े, जवान हर कोई के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं है, लेकिन यही मोबाईल वरदान के साथ-साथ किसी-किसी के लिए अभिशाप बन जाय तो उसे क्या कहा जाय? कुछ समझ में नहीं आता। ऐसे ही मोबाईल के फेर में एक बेहद ही दुखद और दिल दहला देने वाली घटना की तस्वीर महाराष्ट्र से सामने आयी है, जहाँ छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) के तीसगांव इलाके में स्थित खावड्या पहाड़ी (कवथा हिल्स) पर तीन जानें चली गयी हैं। आईफोन और उसकी EMI (किस्त) के विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान 48 वर्षीय मुरलीधर चांदगुड़े (पिता), 42 वर्षीय संगीता चांदगुड़े (मां) और 18-19 वर्षीय कुणाल चांदगुड़े (बेटा) के रूप में हुई है।
      

पुलिस और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुणाल ने iPhone खरीदा था लेकिन वह उसकी EMI (किस्त) नहीं भर पा रहा था। पैसे न होने के कारण उसका अपने पिता (जो पेशे से ड्राइवर थे) से तीखा विवाद हुआ। गुस्से में आकर कुणाल खावड्या पहाड़ी की चोटी पर जा खड़ा हुआ और खाई में कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। पुलिस, फायर ब्रिगेड और गांव के सरपंच ने लगभग 3 घंटे तक कुणाल को समझाने की कोशिश की। यहाँ तक कि स्थानीय लोगों ने उसकी किस्त भरने और नया फोन दिलाने तक का भरोसा दिया, लेकिन वह नहीं माना। कुणाल को बचाने के लिए उसके पिता मुरलीधर पहाड़ी के किनारे पर गए और उसे पीछे खींचने की कोशिश की। इसी दौरान कुणाल का संतुलन बिगड़ा, जिससे वह अपने पिता को भी खींचते हुए 300-500 फीट गहरी खाई में गिर गया। आंखों के सामने पति और बेटे को खाई में गिरता देख मां संगीता गहरे सदमे में आ गईं और उन्होंने भी तुरंत उसी पहाड़ी से नीचे छलांग लगा दी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी दर्दनाक घटना वहां मौजूद लोगों के कैमरों में भी रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, पुलिस मामले की अन्य कोणों से भी गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *