💥भयानक हादसे में 3 लोगों की मौत और तीन गंभीर रूप से घायल।
तहतक न्यूज/दिल्ली। राजधानी के आउटर इलाके मुंडका (टिकरी कलां) में एक सीएनजी पंप पर गैस भरवा रहे ट्रक का सिलेंडर फटने से भीषण धमाका हुआ है। इस दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है और 3 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मारे गए सभी लोग सीएनजी पंप के ही कर्मचारी थे।
यह हादसा बाहरी दिल्ली के मुंडका क्षेत्र में टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक सीएनजी पंप पर हुआ। दिल्ली फायर सर्विस को आज बुधवार 19 अगस्त की दोपहर करीब 3:37 बजे इस घटना की सूचना मिली। चश्मदीदों और पुलिस के अनुसार, एक ट्रक में सीएनजी गैस रिफिल की जा रही थी। गैस भरने के दौरान ही अचानक ट्रक के गैस टैंक/सिलेंडर में ज़ोरदार विस्फोट हो गया, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई।धमाके की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 6 गाड़ियां तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं। हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारियों की पहचान मनीष, ब्रह्मजीत और सन्नी के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए अन्य लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विस्फोट के सही कारणों का पता लगाने के लिए इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) की एक विशेष टीम को भी निरीक्षण के लिए बुलाया गया है। प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि सीएनजी सिलेंडर में खराबी या प्रेशर न झेल पाने के कारण यह ब्लास्ट हुआ।


