💥जन्मदिन की खुशी में करोड़ों की BMW कार को दौड़ाया 251 की रफ्तार में।
💥भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर मौत, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल।
तहतक न्यूज/महाराष्ट्र। कहते हैं मौत जब आती है तो दबे पाँव आती है। बुजुर्गों को यह भी कहते हुए सुना गया है कि इंसान की मौत अक्सर उसके जन्मदिन के ही दिन होती है। इस बात को मुंबई-वडोदरा हाईवे पर हुई एक भयानक सड़क हादसे ने साबित कर दिया। बता दें कि मुंबई-वडोदरा हाईवे पर बदलापुर के पास एक तेज रफ्तार BMW Z4 कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा रविवार (21 जून 2026) तड़के सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसका इंजन व बॉडी अलग-अलग टुकड़ों में बंट गए। शुरुआती जांच और सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के मुताबिक, हादसे से कुछ समय पहले कार की रफ्तार 251 किमी प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई थी। दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान 26 वर्षीय योगेश नेगी (डिघे) और 24 वर्षीय रेबेका जैकब के रूप में हुई है, जो बदलापुर के निवासी थे। कार के मालिक आनंद (अंगद) इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका ठाणे के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह हादसा इतना खतरनाक था कि कार के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए और गाड़ी के सारे पुर्जे सड़क पर बिखर गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त योगेश का जन्मदिन मनाने के बाद टिटवाला से बदलापुर की ओर लौट रहे थे। अंडर-कंस्ट्रक्शन हाईवे पर अत्यधिक गति के कारण चालक का कार से नियंत्रण खो बैठा और वह डिवाइडर से टकराकर करीब 200 मीटर तक पलटी खाते हुए घिसटती चली गई। चश्मदीदों के मुताबिक, यह हादसा इतना खतरनाक था कि शरीर के अंग कई मीटर दूर बिखरे हुए मिले।
बदलापुर पुलिस स्टेशन ने मामले में एक्सीडेंटल डेथ दर्ज कर ली है और दुर्घटना के सही कारणों व चालक के नशे में होने की संभावना की जांच कर रही है। बात तह तक की करें तो आजकल के युवा अपने जन्मदिन सादगीपूर्ण मनाने के बजाय एक-दूसरे के देखा-देखी आधुनिक फैशन के रूप मनाते हैं। नशा, मस्ती और सोशल मीडिया में हाई लाइट होने के चक्कर में ऐसा कुछ कर बैठते हैं जो पूरे परिवार के लिए जीवन भर का अभिशाप बन जाता है। जन्मदिन मनाना अच्छी बात है, लेकिन अपने परिवारों और इष्ट मित्रों के साथ अपने घर में सुरक्षित तरीके से मनाएँ।



